कामयाबी: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य चढ़े पुलिस के हत्थे, आठ बाइकें बरामद

कामयाबी: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य चढ़े पुलिस के हत्थे, आठ बाइकें बरामद
Spread the love

 

उधमसिंहनगर। अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से रुद्रपुर, ट्रांजिट कैम्प, बरेली उत्तर प्रदेश आदि कई स्थानों से चुराई गयी 8 बाइकें भी बरामद की गयीं हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते कुछ दिनों से थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में लगातार घट रही बाइक चोरियों की घटनाओं के खुलासे के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया गया। बाइक चोरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम को बीते रोज सूचना मिली कि उक्त चोरियों में शामिल कुछ लोग क्षेत्र में देखे गये हैं। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने बताये गये स्थान मोदी मैदान थाना ट्रांजिट कैंप के पास से बाइक चोरी गैंग के तीन शातिर चोरों को धर दबोचा। उनके पास से चोरी की दो बाइक भी बरामद की गयीं। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना नाम आकाश पुत्र गिरीश चंद्र, निवासी ग्राम फिरमा थाना शाहबाद, जिला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश, हाल पता गोल मडैया थाना ट्रांजिट कैंप उधमसिंहनगर, विकास पुत्र शिव कुमार निवासी तालीमगंज, थाना दातागंज जिला बदायूं उत्तरप्रदेश, हाल निवासी गोल मड़ैया थाना ट्रांजिट कैंप, उधमसिंहनगर व क्षितिज कुमार पुत्र मनोज कुमार, निवासी ग्राम मूसेपुर जयसिंह थाना बरखेड़ा जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश, हाल पता खुशी मेडिकल स्टोर के निकट, जनपथ रोड, थाना ट्रांजिट कैंप बताया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चुरायी गयी अन्य छह बाइकें भी बरामद की हैं। उन्होंने बताया कि वह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के रुद्रपुर, पंतनगर, किच्छा, गदरपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले स्थानों में पहले रैकी करने के बाद मोटरसाईकिल चोरी कर लेते थे और उसकी पहचान छिपाने के लिये उसका नंबर प्लेट हटा देते हैं तथा गाड़ियां चोरी कर झाड़ियों में छिपा देते थे तथा माहौल अनुकूल होने पर अपनी मजबूरी बताकर उन्हें जरुरतमंदों को औने पौने दामों में बेच देते थे। बहरहाल पुलिस ने उन्हें सम्बन्धित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Parvatanchal