लापरवाही: यात्रा रूट में वाटर कूलर और हैंडपंप खराब, राहगीरों को भटकना पड़ रहा है पानी के लिए
नई टिहरी। घनसाली बाजार में नगर पंचायत द्वारा लगाया गया वाटर कूलर बीते एक साल से खराब है। यह वाटर कूलर चारधाम यात्रियों की सुविधा के लिए डेढ़ लाख की लागत से लगाया गया था। जबकि जल संस्थान का हैंडपंप भी लंबे समय से खराब पड़ा है।स्थानीय निवासी कुशाल सिंह रावत ने बताया कि नगर पंचायत घनसाली का यह वाटर कूलर लगते ही खराब हो गया था। जबकि वाटर कूलर पर जाने वाले पानी का पाइप भी कुछ दिन बाद ही टूट गया। नगर पंचायत की उदासीनता के चलते यह वाटर कूलर बीते एक साल से शोपीस बना है। बगल में लगा जल संस्थान का हैंडपंप भी लंबे समय से बंद पड़ा है। स्थानीय निवासी दिगपाल सिंह कठैत का कहना है कि यात्रियों के अलावा बैंकों में आने-जाने वाले लोगों और आवाजाही करने वाले स्थानीय लोगों को भी पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। कई बार इन्हें ठीक करने की मांग की जा चुकी है लेकिन अभी तक ये ठीक नहीं हुए। नगर पंचायत घनसाली के ईओ सुशील बहुगुणा का कहना है कि वाटर कूलर की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो रखी है। जिसकी जल्द मरम्मत की जाएगी। जल संस्थान के जेई ब्रह्मपाल ने कहा कि क्षेत्र में खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य जल्द कराया जा रहा है। सभी हैंडपम्पों को चालू किया जाएगा।

