शिकंजा: भालू की दुर्लभ पित्त के साथ दो वन्य जीव तस्कर गिरफ्तार
चमोली। वन्य जीव अंगों की तस्करी मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए पुलिस व एसटीएफ कुंमाऊ रेंज द्वारा दो वन्य जीव तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से 460 ग्राम भालू की पित्त की बरामदगी हुई है।
जानकारी के अनुसार थाना थराली पुलिस व एसटीएम कुंमाऊ रेंज को सूचना मिली कि थराली क्षेत्रांर्तगत कुछ वन्य जीव तस्कर भालू की दुर्लभ पित्त की डिलीवरी हेतु आने वाले हैं। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस व एसटीएफ कुंमाऊ रेंज द्वारा क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान चला दिया गया। इस दौरान संयुक्त टीम को हॉस्पिटल तिराहा देवाल के पास दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखायी दिये। टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह सकपका कर भागने लगे। इस पर उन्हें घेर कर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 460 ग्राम भालू की पित्त बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम बलवंत, निवासी ग्राम वाण, थाना थराली व मेहरबान, निवासी कुलिंग थाना थराली बताया। आरोपियों के खिलाफ थाना थराली में सम्बन्धित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बरामद भालू की पित्त की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये बतायी जा रही है।

