पर्दाफाश: झोपड़ियों में जानबूझ कर लगाई गई थी आग, सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा, मुकदमा दर्ज

पर्दाफाश: झोपड़ियों में जानबूझ कर लगाई गई थी आग, सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा, मुकदमा दर्ज
Spread the love

 

देहरादून। अपराध कितनी ही चालाकी से क्यों न किया जाये, उसका खुलासा आखिरकार हो ही जाता है। इसकी बानगी सेलाकुई क्षेत्र में सामने आयी है। जहां आग लगने के कारण 50-55 झोपड़ियां जलकर खाक हो गयी थीं। मामले की जब छानबीन एसएसपी देहरादून द्वारा करायी गयी तो सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि कार सवार कुछ लोगों द्वारा इस अग्निकांड को अंजाम दिया गया था। जिस पर पुलिस द्वारा अब मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।
विदित हो कि बीती 5 मई को सेलाकुई क्षेत्रान्तर्गत भाऊवाला सुन्दरवन के पास झुग्गी झोपड़ियों में आग लगने की घटना घटित हुई, जिसमें आग की चपेट में आने से लगभग 50 से 55 झुग्गी झोपड़ियां जलकर राख हो गयी थीं। यह झुग्गी झोपड़ियां सुन्दरवन क्षेत्र में एक प्राईवेट प्लाट पर बनी हुई थीं, जहां 2 वर्ष पूर्व वर्ष 2022 में भी इसी प्रकार आग लगने की घटना हुई थी। जिसमें भी लगभग 40 से 45 झुग्गी झोपड़ियां जल गई थी। 2 वर्ष के अन्तराल में एक ही स्थान पर घटित ये दोनों घटनाएं संदिग्ध प्रतीत होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आग लगने के कारणों से जुड़े सभी सम्भावित पहलुओं पर विस्तृत जांच के आदेश दिये। जिस पर पुलिस ने घटना स्थल व आस-पास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को चैक तो पुलिस को पता चला कि घटना से पूर्व झुग्गी झोपड़ियों के आस-पास एक संदिग्ध कार घूम रही थी। जो थोड़े-थोड़े अन्तराल पर 2 से 3 बार घटना स्थल के आस-पास आकर रुकी थी। इस दौरान कार की अगली सीट पर बैठे व्यक्ति द्वारा कार से उतरकर पास की झोपड़ी के एक किनारे पर आग लगाये जाने की फुटेज पुलिस को प्राप्त हुई तथा इस कार के घटना स्थल से निकलते ही कार के पास बनी एक झोपड़ी ने अचानक आग पकड़ ली, जिसने आस-पास की अन्य झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में जमीनी विवाद या अनधिकृत कब्जा को खाली कराने की साजिश हो सकती है प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एसएसपी ने तत्काल संदिग्धों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करने के आदेश दिये, जिस पर पुलिस ने थाना सेलाकुई पर अज्ञात के विरुद्ध धारा 436 भादवि का मुकदमा पंजीकृत किया है।

Parvatanchal