शिकंजा: पुलिस के हत्थे चढ़ा वांछित अभियुक्त, पत्नी की हत्या कर दो बच्चियों सहित हो गया था फ़रार

शिकंजा: पुलिस के हत्थे चढ़ा वांछित अभियुक्त, पत्नी की हत्या कर दो बच्चियों सहित हो गया था फ़रार
Spread the love

 

नैनीताल। पत्नी की हत्या कर दो बच्चियों को लेकर फरार हुए पति को पुलिस व एसओजी द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसके पास से दोनो बच्चियां भी सकुशल बरामद की गयी हैं। हत्या का कारण पत्नी पर शक करना बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीती 11 अप्रैल को शरीफ अहमद उर्फ शफीक शेख पुत्र स्व. छोटे निवासी सुभाष कॉलोनी रूद्रपुर द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया गया था कि उनकी पुत्री अफसाना उर्फ आस्था, जो सात वर्ष पहले सौरभ के साथ विवाह कर अपनी दोनों बेटियों के साथ डहरिया में किराये के मकान में रह रही थी। उसकी उसके पति सौरभ द्वारा हत्या कर दी गई है और वह अपनी दोनों बच्चियों को साथ लेकर फरार हो गया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी। पुलिस व एसओजी टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद उसे रुद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसके पास से दोनो बच्चियां भी बरामद हुई हैं।
बताया जा रहा है कि जांच के दौरान पुलिस व एसओजी टीम को जानकारी मिली थी कि मृतका का मोबाईल बरेली के किसी अन्य व्यक्ति द्वारा प्रयोग किया जा रहा था, जिसने पूछताछ में बताया कि उक्त मोबाईल एक व्यक्ति से मथुरा में खरीदा था। इस पर पुलिस द्वारा मथुरा में आरोपी की तलाश शुरू कर दी गयी। इस बीच पुलिस को पता चला कि सौरभ अपनी दोनों बच्चियों का मथुरा के किसी संस्था में दाखिला कराने वाला है और दाखिले हेतु जन्म प्रमाण पत्र लेने हेतु घर गया है। इस पर पुलिस ने बीती रात आरोपी को रुद्रपुर गल्ला मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया । साथ ही दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर सीडब्ल्यूसी संस्था से समन्वय स्थापित करते हुए काउन्सलिंग कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
आरोपी सौरभ राज ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी पत्नी आस्था उर्फ अफसाना पर शक करता था, जिस कारण आये दिन उनके बीच विवाद होता था। इसी वज़ह से तंग आकर उसने 8 अप्रैल को अपनी पत्नी का गला दबा कर हत्या कर दी तथा अपनी दोनों बच्चियों को लेकर फरार हो गया।

Parvatanchal