बड़ा हादसा: खाई में गिरी पर्यटकों की कार, 4 युवकों की मौके पर ही मौत, एक युवती ने अस्पताल में तोड़ा दम
देहरादून। मसूरी रोड के चूनाखाला के पास शनिवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना में जहां कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी वहीं दो युवतियां गम्भीर रूप से घायल हो गयीं। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवती की मौत हो गयी जबकि दूसरी की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे देहरादून हायर सेंटर रैफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 5.30 बजे कोतवाली मसूरी पुलिस को सूचना मिली कि झड़ीपानी से 100 मीटर उपर चूनाखाला के पास एक कार सड़क से नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है, जिसमें कार सवार लोग गम्भीर रुप से घायल हो गये हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना मसूरी से पुलिस बल, फायर ब्रिगेड के कर्मचारी तथा एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुँची तथा राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ करते हुये वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। मौके पर एक एंडेवर कार दुर्घटनाग्रस्त होकर लगभग 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर छत के बल गिरी हुई थी। कार में 6 लोग (4 युवक 2 युवतियां) सवार थे। उनमें से चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, दुर्घटना में घायल दोनों युवतियों को पुलिस द्वारा उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनमें से 1 युवती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी युवती की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों द्वारा उसे हायर सेन्टर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उक्त सभी लोग आज प्रातः देहरादून से मसूरी घूमने के लिए आये थे। उनमें से 2 युवक तथा 2 युवतियां देहरादून स्थित दो कालेजों के छात्र-छात्राएं बताए जा रहे हैं। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
मृतकों के नाम अमन सिंह राणा पुत्र राजेश सिंह राणा, निवासी शंकरपुर, निकट डी.आई.एम.एस. कॉलेज गेट, सहसपुर, उम्र 22 वर्ष, दिंग्याश प्रताप भाटी पुत्र देवेन्द्र सिंह भाटी, निवासी पैटलवुड अपार्टमेंट, ज्वालापुर हरिद्वार, उम्र 23 वर्ष, तनुजा रावत पुत्री सोहन सिंह रावत, निवासी दुर्गा कालोनी, रुड़की हरिद्वार, उम्र 22 वर्ष, अशुतोष तिवारी पुत्र वीर बहादुर तिवारी, निवासी निकट थाना नागपानी, रमिला, गांउड पैरामाउंट एक्सपोर्ट, मुरादाबाद, उत्तरप्रदेश व हृदयांश चन्द्र पुत्र हरिश चन्द्र निवासी ए.टी.पी. कालोनी, अनपरा सोनभद्र, उत्तरप्रदेश, उम्र 24 वर्ष बताये जा रहे हैं। वहीं घायल युवती का नाम नयनश्री पुत्री संजय कुमार, निवासी न्यू विकास एलक्लेव, रोहतक रोड, मेरठ, उम्र 24 वर्ष है।

