लोकसभा चुनाव: गढ़वाल की तीनों संसदीय सीट के कांग्रेस प्रत्याशियों ने किया मतदान
देहरादून। हरिद्वार लोकसभा सीट में 20 लाख 35 हजार 726 मतदाता हैं। हरिद्वार सीट पर 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस सीट पर भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को उम्मीदवार बनाया है। जबकि कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र सिंह रावत को प्रत्याशी बनाया है। वीरेंद्र रावत ने मतदान के मौके पर रुड़की में मतदान किया।
हरिद्वार लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह रावत ने पूजा अर्चना कर अपने बड़ों का आशीर्वाद लेकर रुड़की के बीएसएम कॉलेज में अपने मत का प्रयोग किया। इस दौरान वीरेंद्र सिंह रावत ने जनता से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र में बहुत बड़ा पर्व है। मतदान न सिर्फ हमारा अधिकार है। बल्कि कर्तव्य भी है। सभी को वोट डालना चाहिए। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी को अपने मत का प्रयोग करना चाहिए और अपने इच्छा अनुसार अपने नेता को चुनें।
वहीं, संसदीय सीट प्रत्याशियों की बात की जाए तो बसपा की ओर से जमील अहमद कासमी चुनाव मैदान में हैं। इसके साथ ही खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने निर्दलीय ताल ठोकी है।

उधर, टिहरी संसदीय क्षेत्र के मसूरी में भी सुबह 7 बजे से मतदान जारी रहा। हालांकि, मसूरी के मानव भारती पोलिंग बूथ पर मशीन खराब होने के कारण वोटिंग प्रक्रिया सुबह 8 बजे शुरू हुई। सुबह से ही लोगों में मतदान को लेकर काफी उत्साह नजर आया।
वहीं, टिहरी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला ने भी मसूरी में अपने मतदान का प्रयोग किया। गुनसोला ने आम लोगों के साथ पोलिंग बूथ पर पहुंचकर लाइन पर लगाकर वोट किया। साथ ही जनता से भी अपील करते हुए मतदान केंद्रों में पहुंचकर अपने मत का प्रयोग करने के लिए कहा।
दूसरी तरफ मतदान करने को लेकर लोगों में भी काफी उत्साह देखा गया। वोट करने आए मतदाताओं ने कहा कि पहले मतदान, फिर जलपान और इसी मकसद को लेकर वह सुबह मतदान केंद्र में पहुंचे हैं। लोगों ने कहा कि वह देश में हुए विकास को लेकर मतदान कर रहे है। कई लोगों ने कहा कि देश में बेरोजगारी, महंगाई आदि मुद्दे हैं जिसको देखते हुए वह अपना मतदान कर रहे हैं।

पौड़ी से मिली खबर के अनुसार,गढ़वाल संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की और कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान बेहद जरूरी है।
शुक्रवार को प्रथम चरण के मतदान करने से पूर्व गणेश गोदियाल ने अपने ईष्ट देव की पूजा अर्चना की और जीत का आशीर्वाद लिया। इसके बाद गोदियाल थलीसैंण ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय भटकोट में बने मतदान केंद्र में परिवार संग वोट डालने पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ उनकी माता पार्वती देवी, पत्नी सुनीता, बेटा कुलदीप और बहू अंकिता ने भी मतदान किया।
बता दें कि गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के सामने भाजपा ने अनिल बलूनी को उम्मीदवार बनाया है। सीट पर दोनों ही प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है। भाजपा को कांग्रेस प्रत्याशी से मिली जबरदस्त टक्कर को देखते हुए पार्टी हाईकमान को अपने प्रत्याशी के प्रचार में पीएम मोदी, अमित शाह व योगी आदित्यनाथ जैसे कई स्टार प्रचारकों को जनसभा और रैली करनी पड़ी। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के लिए सिर्फ प्रियंका गांधी ने जनसभा की।

