खास खबर: चर्चा का विषय बनी पीएम मोदी और कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत की मुलाकात
ऋषिकेश। लोकसभा चुनाव प्रचार के सिलसिले में ऋषिकेश पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत की छोटी सी मुलाक़ात प्रदेश के सियासी गलियारों में बड़ी चर्चा का विषय बनी गयी है। राजनीतिक पंडित इस मुलाक़ात के कई निहितार्थ निकाल रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से गहरा नाता रहा है, वह जब भी उत्तराखंड आते हैं तो यहां लोगों की आत्मीयता से सराबोर हो जाते हैं, लेकिन उनके दौरे की कुछ तस्वीरें चर्चा का विषय बन जाती हैं। ऋषिकेश में आयोजित चुनावी रैली की उनकी ऐसी ही एक तस्वीर प्रदेश की सियासी फिजा में खूब तैर रही है। राजनीति के जानकार इस तस्वीर के कई निहितार्थ निकाल रहे हैं जिससे प्रदेश की सियासत में गरमाहट देखने को मिल रही है।
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऋषिकेश में चुनावी सभा को सम्बोधित करने पश्चात मंच पर मौजूद पार्टी के पदाधिकारी व राज्य सरकार में मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान जैसे ही पीएम मोदी कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत के सामने पहुंचते हैं तो डॉ रावत पीएम का अभिवादन करने के लिए हाथ जोड़ते हैं , लेकिन प्रधानमंत्री मोदी बड़ी आत्मीयता से डॉ धन सिंह रावत के हाथ थाम कर उनसे मुस्कुराते हुए बातचीत करने लगते हैं। बातचीत के दौरान डॉ रावत मुस्कराते हुए प्रधानमंत्री के सवालों का जवाब देते दिखे। पीएम मोदी और कैबिनेट मंत्री डॉ रावत की यह संक्षिप्त मुलाक़ात प्रदेश के सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गयी। हालांकि कैबिनेट मंत्री डाॅ धन सिंह रावत का कहना है कि चुनाव को लेकर ही पीएम ने उनसे पूछा जिसपर उन्होंने बताया कि पांचों सीटें बीजेपी अच्छे अंतराल से जीतेगी।
वहीं सियासी जानकारों की मानें तो कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत प्रदेश के सबसे सक्रिय राजनेता हैं, जो अपनी अलग कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। इतना ही नहीं डॉ रावत भाजपा शीर्ष नेतृत्व के साथ ही प्रधानमंत्री की गुडबुक में हमेशा रहे हैं। पीएम मोदी का मंच पर उन्हें तवज्जों देना प्रदेश की नई सियासी समीकरणों को हवा देने से कम नहीं है।

