कांग्रेस: आखिर थम गया सियासी बवंडर, हरीश रावत के ही हाथों में रहेगी चुनावी कमान

कांग्रेस: आखिर थम गया सियासी बवंडर, हरीश रावत के ही हाथों में रहेगी चुनावी कमान
Spread the love

 

संवाददाता
देहरादून, 24 दिसंबर। कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के ट्वीट के बाद उठा सियासी भूचाल फिलहाल थम गया है। चुनाव से ऐन पहले उठे असंतोष के इस बवंडर को थामने के लिए दिल्ली में हाई कमान के साथ हुई प्रदेश के शीर्ष कांग्रेस नेताओं की बैठक के बाद ऐसे संकेत मिल रहे हैं। बैठक के बाद पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड चुनाव को वो ही लीड करेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम कौन होगा, इसका फैसला बाद में होगा। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि वे जो भी कदम उठाते हैं, उससे भाजपा को नुकसान होता है।

प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली तलब किये जाने के बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि प्रदेश प्रभारी को बदला जा सकता है। लेकिन, ऐन चुनाव के वक्त कांग्रेस इस तरह का खतरा मोल नहीं लेना चाहती थी। इसी के चलते प्रभारी को बदलना मुनासिब नहीं समझा गया। इसी बीच कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी की शह पर विरोधी गुट द्वारा हरीश रावत को साइड लाइन करने की कोशिशों का भी खुलासा हुआ है। जैसा कि सभी को पता है कि चुनाव संचालन समिति की कमान हरीश रावत को सौंपी गई है, लेकिन कार्यकारी अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी उनको बगैर बताए ही बैठकें कर रहे थे।

 

पार्टी के कुछ सूत्रों का कहना है कि कार्यकारी अध्यक्षों के साथ दिल्ली में बैठक हुई थी जिसके बारे में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष पूर्व सीएम हरीश रावत को जानकारी नहीं दी गई। इस बेअदबी से आहत हरीश रावत ने जब ट्वीट किया तो हर तरफ सनसनी फैल गई। फिलहाल, दिल्ली में हुई बैठक के बाद सारे मामले को सुलझा लिया गया है। राहुल गांधी से मुलाक़ात के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में उपजा सियासी बवंडर थम गया है। प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में चुनावी कैम्पेन की कमान हरीश रावत के हाथों में रहेगी लेकिन मुख्यमंत्री का फ़ैसला चुनाव के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी।

Parvatanchal