विवाद: कांग्रेस भवन में पिटते पिटते बचे प्रीतम सिंह के समर्थक नेता

विवाद: कांग्रेस भवन में पिटते पिटते बचे प्रीतम सिंह के समर्थक नेता
Spread the love

 

शाह पर हरीश रावत को लेकर  अभद्र टिप्पणी करने का आरोप

संवाददाता

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस के अंदर इनदिनों सब कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है। कांग्रेस के अंदर गुटबाजी लगातार उभर कर सामने आ रही है। उत्तराखंड कांग्रेस में अभी हरीश रावत के ट्वीट से उपजा घमासान  थमा भी नहीं था कि अब एक और नया बवाल सामने आ खड़ा हुआ है। शुक्रवार को कांग्रेस भवन में  पार्टी के प्रदेश महामंत्री और प्रीतम सिंह के समर्थक राजेंद्र शाह  पिटते पिटते बचे। उन पर  हरीश रावत को लेकर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के कुछ युवा कार्यकर्ताओं ने धक्का मुक्की कर डाली। इस दौरान भी शाह हरीश रावत के समर्थक युवकों  को हरीश रावत के भेजे हुए गुंडे बता रहे थे। राजेंद्र शाह ने पार्टी प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव से घटना की शिकायत की है।
उत्तराखंड में हरीश रावत के ट्वीट पर मचे बवाल के बाद कांग्रेस भवन में हरीश रावत पर अभद्र टिप्पणी से नाराज़ उनके समर्थकों के तेवरों से एक नया विवाद पैदा हो गया है। दरअसल हरीश रावत के समर्थकों ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में ही प्रीतम सिंह के समर्थक माने जाने वाले पार्टी प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह द्वारा हरीश रावत को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के चलते उनके  साथ मारपीट होते होते बची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद हरीश रावत को लेकर प्रीतम सिंह के समर्थक राजेंद्र शाह की गलत बयानी से शुरू हुआ।

 राजेंद्र शाह का कहना है कि एक दिन पहले हरीश रावत के समर्थक माने जाने वाले राजीव जैन और जसबीर सिंह रावत ने भी पार्टी कार्यालय में आकर हरीश रावत के खिलाफ बोलने को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया था। आज सुबह कुछ युवकों ने पार्टी कार्यालय में आकर उनके साथ  मारपीट करने की कोशिश की जबकि उन्होंने हरीश रावत के लिए कभी भी कुछ गलत नहीं बोला। हालांकि इस घटना से जुड़े वीडियो में वह धक्का मुक्की करने वाले कार्यकर्ताओं को हरीश रावत के भेजे हुए ‘गुंडे’ बोल रहे हैं। राजेंद्र शाह ने प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव से मामले की शिकायत की है। उधर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जीतराम भी इस घटना के बाद पार्टी कार्यालय पहुंचे। हालांकि उन्होंने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि उनके सामने यह घटना नहीं हुई है और फिलहाल वह इस घटना की जानकारी ले रहे हैं। दूसरी ओर हरीश रावत के समर्थक बताए जा रहे युवा कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रीतम सिंह के समर्थक राजेंद्र शाह कांग्रेस भवन परिसर में हरीश रावत को लेकर आए दिन अभद्र भाषा में निराधार बातें बोलते रहते हैं।

Parvatanchal