खुलासा: पुलिस ने किया नाबालिग की हत्या का पर्दाफाश, दोस्त का पिता गिरफ्तार
अवैध संबंध छिपाने के लिए कातिल ने रंगे थे खून से अपने हाथ
हरिद्वार। एक माह पूर्व हुई नाबालिग की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारे ने अवैध सम्बन्धों को छिपाने के लिए ही अपने बेटे के दोस्त की हत्या को अंजाम दिया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल द्वारा बताया गया कि बीती 23 फरवरी को खुब्बनपुर निवासी सरदार सिंह ने भगवानपुर थाने में अपने 13 वर्षीय नाबालिक बेटे कार्तिक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसकी जांच की जा रही थी। इस दौरान 25 फरवरी को गुमशुदा कार्तिक का शव ग्राम खुब्बनपुर, थाना भगवानपुर में गन्ने के खेत से बरामद हुआ, जिसकी गला दबाकर हत्या की गयी थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नाबालिग की गुमशुदगी वाले दिन 19 फरवरी को गांव खुब्बनपुर में दो शादियां हुई थीं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि कार्तिक अपने हमउम्र गांव के बच्चों के साथ शादियों में घुड़चढ़ी के दौरान बारातियों द्वारा फैंके गये पैसों को उठाता था। इस पर पुलिस ने शादियों के वीडियो देखे तो पता चला कि दिन वाली शादी में तो कार्तिक मौजूद था, लेकिन रात वाली में नहीं। कार्तिक के बारे में पता चला कि वह पैसों के लालच में किसी के साथ भी चला जाता था। परन्तु वह जान पहचान वाले के साथ ही जाता था। इस बीच पुलिस को गांव में लगे एक सीसीटीवी कैमरे से पता चला कि गुमशुदगी वाले दिन वह एक व्यक्ति के साथ गांव से बाहर जा रहा है। उसकी पहचान गांव में ही किराये पर रहने वाले अजय शर्मा के रूप में की गयी, जो एक फैक्ट्री में काम करता है। इस पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी तो वह गांव से गायब मिला। उसे पुलिस द्वारा बीती रात अमोरवेट कम्पनी में जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने नाबालिग की हत्या करना कबूल करते हुए बताया कि वह अपने माता पिता व दो बच्चों के साथ ग्राम खुब्बनपुर में पिछले 6 माह से अपने रिश्तेदार राजीव शर्मा के यहां किराये पर रह रहा है। उसकी पत्नी का देहांत वर्ष 2020 में हो चुका था। उसने बताया कि 18 फरवरी कोे वह अपने जानकार के माध्यम से एक औरत को माहडी चौक से साथ लेकर ग्राम खुब्बनपुर में गन्ने के खेत में लेकर गया। जहां पर कार्तिक ने उसे उस औरत के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। उसने कार्तिक को समझाया कि यह बात किसी को नहीं बताये परन्तु वह नहीं माना और वहां से भाग गया। वह कार्तिक को जानता था। वह उसके बच्चों के साथ गांव में ठेली पर चाऊमिन खाने जाता था। आरोपी ने बताया कि वह घबरा गया कि कहीं वह यह बात किसी को न बता दे। इस पर उसने उसे पैसों का लालच दिया और गन्ने के खेत में ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के दिन पहने गये उसके कपड़े व जूते बरामद कर लिये गये। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

