दर्दनाक: आटा लेने गए दो मासूमों की दर्दनाक मौत, चक्की के पट्टे में फंस गए थे दोनों

दर्दनाक: आटा लेने गए दो मासूमों की दर्दनाक मौत, चक्की के पट्टे में फंस गए थे दोनों
Spread the love

 

संवाददाता
हरिद्वार, 04 सितंबर। जनपद के दो मासूम बच्चों के लिए शुक्रवार का दिन मौत का फरमान लेकर आया। जरा सी चूक से हुए एक हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। दिल को झकझोर देने वाला यह दुखद हादसा कोटा मुरादनगर गांव का है, जहां आटा चक्की के पट्टे में फंसकर दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आटा चक्की के पट्टे की चपेट में आए साथी बच्चे को बचाने की कोशिश में दूसरी किशोरी भी पट्टे में उलझ गई। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे मासूम ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे से गांव में कोहराम मच गया।

यहां मिली जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर गांव में में चौहल सिंह सैनी की आटा चक्की है। गांव के ही शौकीन ने चक्की में गेहूं पीसने के लिए दिया था। शुक्रवार को शौकीन की 14 वर्षीय बेटी सोनम आटा लेने गई तो उसके साथ पड़ोस का अर्श (5 वर्ष) पुत्र रुस्तम अली और अन्य बच्चे भी गए। उस वक्त वहां चक्की पर गेहूं की पिसाई हो रही थी।
इसी दौरान अचानक अर्श आटा चक्की के पट्टे में फंस गया, जिसे बचाने की कोशिश में सोनम भी पट्टे में उलझकर घूमने लगी और नीचे गिर गई। थोड़ी ही देर में सोनम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही चौहल सिंह ने चक्की बंद कर दी, परंतु तब तक अर्श काफी चोटिल हो चुका था। परिजन उसे उपचार के लिए रुड़की के एक अस्पताल ले गए, जहां अर्श ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पुलिस को मिली तो वह तत्काल मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरा। लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।

Parvatanchal