बड़ी खबर: छात्रसंघ चुनाव की रंजिश में भिड़े दो पक्ष, गोली लगने से पूर्व अध्यक्ष समेत 3 लोग घायल
काशीपुर। छात्रसंघ चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश ने मंगलवार को बड़े विवाद का रूप ले लिया। आमने सामने आए दो पक्षों में गोलियां चलने लगीं। इस गोलीबारी में एक पक्ष के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रजत भंडारी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के भी दो लोगों के घायल होने की खबर है। तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। रजत भंडारी समेत तीनों लोगों की टांगों में गोली लगी हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर मौजूद वाहनों को कब्जे में ले लिया। साथ ही घायलों से जानकारी हासिल की।
बेरिया दौलत चौकी क्षेत्र के गांव मोहली जंगल निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदर तथा बरहैनी निवासी सुखवीर सिंह उर्फ गोरखा के बीच छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर मंगलवार को गुरविंदर उर्फ गिंदर पक्ष तथा गोरखा पक्ष के लोग गांव मोहली जंगल में आमने-सामने आ गए। दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए तथा फायरिंग होने लगी। इस फायरिंग में गुरविंदर पक्ष के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रजत भंडारी (30) पुत्र प्रताप भंडारी, निवासी खमरिया वार्ड नंबर 13, गुरविंदर सिंह गिंदर (27) पुत्र बुआ सिंह तथा गुरपेज सिंह (20) पुत्र गुरदीप सिंह, निवासीगण महोली जंगल गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इन तीनों की टांगों में गोली लगी हैं। वहीं गोरखा पक्ष के गुल्लू समेत एक अन्य भी घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
लोग आनन-फानन में घायलों को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं सूचना पर पहुंचे केलाखेड़ा एसओ ललित मोहन रावल ने बताया कि छात्रसंघ की चुनावी रंजिश के चलते दो पक्षों में फायरिंग की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और मौके से दो वाहनों को कब्जे में लिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अभी किसी पक्ष की तहरीर नहीं आई है। तहरील आने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी थी।
‘छात्रसंघ चुनाव की पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट और गोली चलने की बात सामने आई है। इस गोलीकांड में छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष समेत 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस को मौके से 6 खोखे की बरामद हुए हैं तथा पुलिस ने दो वाहनों को भी कब्जे में लिया है। तहरीर के बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकद्मे दर्ज करेगी तथा किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।’
-अभय प्रताप सिंह, एएसपी काशीपुर।

