दबंगई: बकाया विद्युत बिल की वसूली करने गई टीम पर रॉड से जानलेवा हमला, विद्युत कर्मी घायल, मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। बकाया बिजली का बिल वसूलने गई विद्युत विभाग की टीम पर उपभोक्ता ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान वहां अफरा तफरी मच गई। इस घटना में एक विद्युत कर्मी घायल हो गया। विद्युत विभाग के अवर अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। विद्युत विभाग के अवर अभियंता ओम कुमार ने पुलभट्टा पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि बीते सोमवार को विद्युत विभाग ने राजस्व वसूली के लिए वार्ड 18 सिरौली कलां में कैम्प लगाया था। इस दौरान उपभोक्ता बाबू साह पुत्र करामत शाह को बकाया बिजली का बिल जमा कराने के लिए कहा गया। इस पर बाबू साह का पुत्र तस्लीम साह आग बबूला हो गया। आरोप है कि उसने विद्युत विभाग की टीम के साथ तीखी बहस शुरू कर दी। टीम के समझाने पर वह अपने घर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वह लोहे की रॉड लेकर शिविर में आ गया और विद्युत विभाग की टीम के उपर हमला कर दिया। इस दौरान शिविर अवर अभियंता ओम कुमार, मीटर रीडर इजहार अहमद, बसीर अहमद, जाकिर अंसारी, अंकित शर्मा, दानिश अंसारी मीटर रिडर थे। तस्लीम के हमला करने पर शिविर में अफरा तफरी मच गई। इस घटना में मीटर रीडर दानिश अंसारी के हाथ में चोट लगी। विद्युत विभाग की टीम के विरोध करने पर आरोपी मौके से चला गया। अवर अभियंता ओम कुमार ने पुलभट्टा पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

