बड़ी खबर: विधान सभा की कार्यमंत्रणा समिति से कांग्रेस विधायक मंडल दल के सभी सदस्यों ने दिया इस्तीफा

बड़ी खबर: विधान सभा की कार्यमंत्रणा समिति से कांग्रेस विधायक मंडल दल के सभी सदस्यों ने दिया इस्तीफा
Spread the love

 

देहरादून। कांग्रेस विधायक मंडल दल ने सोमवार को सायं 6:30 बजे राज्यपाल से मुलाकात कर धामी सरकार द्वारा नियम विरुद्ध सदन चलाए जाने की शिकायत की।
कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,कार्यमंत्रणा समिति में विपक्ष के पक्ष को न सुने जाने तथा कार्य संचालन नियमावली के नियमों व सदन की परंपराओं की लगातार अनदेखी किये जाने पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ कांग्रेस विधायक मंडल दल ने अध्यक्ष, विधानसभा उत्तराखंड को कार्यमंत्रणा समिति से अपने त्यागपत्र सौंप दिये।


दसोनी के मुताबिक, 08 सितंबर, 2023 के उपवेशन की समाप्ति पर अनिश्चितकाल के लिये स्थगित किये गये उत्तराखंड विधानसभा वर्ष 2023 के द्वितीय सत्र को विधानसभा सचिवालय की अधिसूचना (संलग्नक-1) से सोमवार, दिनांक 5 फरवरी, 2024 से आहूत किया गया है, अत: सत्रावसान नहीं होने से इस सत्र को विशेष सत्र नहीं माना जा सकता। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा है कि सभी सदस्यगणों को जारी विधानसभा सचिवालय के पत्र संख्या 213 दिनांक 25 जनवरी, 2024 (संलग्नक-2) के द्वारा अविलम्बनीय लोक महत्व की सूचनाओं यथा नियम 53, 58, 299 एवं नियम 300 की सूचना को प्रत्येक उपवेशन को प्रातः 8:30 से 9:00 बजे तक लिए जाने हेतु कहा गया है।
उपरोक्त सारे तथ्यों के होते हुए भी कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में यू.सी.सी हेतु विशेष सत्र का हवाला देते हुए प्रश्नकाल व अविलम्बनीय लोकहित की सूचनाओं को स्थगित करना कार्यसंचालन नियमावली का उल्लंघन है तथा इस तरह के अवैधानिक कार्य को कार्यमंत्रणा समिति में बहुमत के आधार पर पास किया जाना कदापि उचित नहीं।

Parvatanchal