महादान: एनएसयूआई की ओर से कांग्रेस भवन में आयोजित कैंप में कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान
प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने किया नेतृत्व
देहरादून। विश्व कैंसर दिवस पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी के नेतृत्व में महन्त इन्द्रेश अस्पताल की चिकित्सा विशेषज्ञ टीम के साथ रक्तदान कैंप शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष करन माहरा उपस्थित रहे। रक्त शिविर में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया एवं रक्तदान किया। जिसमें कुल 52 यूनिट रक्तदान दिया गया।
इस मौके पर एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने वर्तमान में प्रदेश के अस्पतालों की लच्चर व्यवस्था को देखते हुए कहा कि गरीब और असहाय लोगों को रक्त की कमी के चलते दर दर भटकना पड़ता है जिससे लोगों को कई बार निराशा ही हाथ लगती है। नेगी ने कहा कि रक्तदान एक महादान है जिसमें उन्होंने प्रदेश के सभी युवाओं से रक्तदान करने की अपील की और कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए रक्तदान करना बहुत जरूरी है। विकास नेगी ने कहा कि एनएसयूआई प्रदेश स्तर पर समय समय पर रक्तदान शिविरों का आयोजन करेगी जिससें गरीब एवं असहाय लोगों की मदद हो सके।

