नाराज़गी: सड़क निर्माण के लिए आंदोलन की राह पर ग्रामीण, 6 को चक्का जाम करने की दी चेतावनी
रुद्रप्रयाग। सड़क की मांग को लेकर लुठियाग के ग्रामीणों का क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने 6 फरवरी को चिरबिटिया में चक्काजाम की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम पंचायत में 450 परिवार हैं जिसकी आबादी करीब 1600 है। सड़क सुविधा नहीं होने से स्वास्थ्य केन्द्र के लिए कई किमी पैदल चलना पड़ता है। जखोली ब्लॉक के लुठियाग के ग्रामीणों का चिरबटिया पंचायत भवन में चल रहा क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण बीते 18 वर्षों से गांव को सड़क की मांग करते आ रहे हैं, किंतु अभी तक कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई है जिसको लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। ग्रामीणों ने कहा कि वे पूर्व में विधायक, जिलाधिकारी एवं लोनिवि को ज्ञापन देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। जिससे ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर हुए हैं। प्रधान दिनेश सिंह कैंतुरा ने बताया कि वर्ष 2005 से अब तक कई बार मोटरमार्ग निर्माण की सर्वे हो चुकी है, किंतु आज तक संयुक्त रूप से लोनिवि, राजस्व एवं वन विभाग ने सर्वे नहीं किया है। जबकि शासन से मार्ग निर्माण को लेकर प्रथम चरण का धन लोनिवि को आवंटित भी हो चुकी है। लोनिवि संयुक्त सर्वे की बात कहकर हर बार गुमराह कर रहा है। बीमार होने पर बुजुर्ग एवं महिला को अस्पताल ले जाने में भी मुश्किलें उठानी पड़ रही है। पालकी के सहारे किसी तरह मरीजों को स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया जाता है। कहा कि यातायात के अभाव में गांव का विकास पूरी तरह रुका है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 5 फरवरी तक क्रमिक अनशन किया जाएगा जबकि 6 फरवरी को चिरबटिया में चक्काजाम एवं 7 फरवरी से अनिश्चितकालीन अमरण अनशन शुरू किया जाएगा।

