अंकुश: लकड़ी की अवैध खरीद फरोख्त करने वाले पर लगेगा पांच लाख का जुर्माना
विकासनगर। चकराता ब्लाक के खत भरम के गौना-बुल्हाड में आयोजित खत की बैठक में नशे का व्यवसाय और सेवन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। बैठक में ग्रामीणों ने लकड़ी की अवैध की खरीद फरोख्त करने वालों के खिलाफ पांच लाख का अर्थदंड लगाने का कठोर निर्णय लिया। गौना बुल्हाड में खत भरम के स्याणा गजेंद्र सिह चौहान के नेतृत्व में आयोजित बैठक में बुल्हाड़, बायला, उदावा, बागनी, असोइ के ग्रामीणों ने भाग लेकर नशा बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि गांव व आसपास स्थित दुकान या अन्य जगह जो व्यक्ति कच्ची, पक्की शराब, बियर बेचता पाया गया उस पर 21 हजार रुपये का दंड लगाया जाएगा। भांग, सुल्फा, गांजा आदि सूखा नशा बेचने वाले पर 31 हजार का जुर्माना लगेगा। फेरी वालों का गांव में आने भी प्रतिबंधित रहेगा। जो ग्रामीण इनसे सामान खरीदेगा उस पर 11 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही चोरी की लकड़ी बेचते या तस्करी करते पाए जाने पर पांच लाख 10 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही गांव खत का कोई व्यक्ति किसी महिला के साथ छेड़छाड़ या अन्य किसी गलत कृत्य में पाया गया तो कोई खतवासी व उसके परिजन कानूनी तौर पर भी उसकी सहायता नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने गांव में जुआ और ताश खेलने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया। इस मौके पर संजय चौहान, विजयपाल सिंह रावत, अतर सिंह चौहान, सबल सिंह चौहान, मातवर सिंह चौहान, करम सिंह रावत, डॉ अतर सिंह चौहान, मान सिंह चौहान, प्रेम सिंह आदि मौजूद रहे।

