शिकंजा: जमीन दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे

शिकंजा: जमीन दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे
Spread the love

 

हरिद्वार। जमीन दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले मास्टर माइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा कामकाजी महिला को धोखाधड़ी का शिकार बनाते हुए उसे सस्ती दरों पर जमीन दिलवाने का भरोसा दिया गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते साल 24 जून को ग्राम घिस्सरपट्टी डोईवाला देहरादून निवासी राखी वर्मा द्वारा न्यायालय के आदेश पर थाना भगवानपुर पर विपक्षी नीरज कुमार, विरेन्द्र प्रधान व रमन सिंह पाल के खिलाफ जमीनी धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। दी गयी तहरीर के अनुसार , विपक्षियों द्वारा भगवानपुर हरिद्वार में खेडी शिकोहपुर गांव में सस्ती दरों पर जमीन दिलवाने के नाम पर पीड़िता व उनके पति के साथ 8 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई तथा सौदे के शेष 14 लाख रुपये के बैंक चैक हस्ताक्षरित ले लिये। जानकारी करने पर पता चला कि दिखाई गई जमीन विक्रेता रमन सिंह पाल के नाम पर न होने के बावजूद उपनिबन्धक कार्यालय रुड़की से जमीन की फर्जी रजिस्ट्री तैयार की गई। जांच के दौरान प्रकाश में आया कि जमीन तलाश रही पेशे से कामकाजी महिला राखी वर्मा व उनके पति का सम्पर्क आरोपी नीरज कुमार से हुआ। खुद का परिचय प्रॉपर्टी डीलर के तौर पर देते हुए नीरज कुमार ने दंपति को वर्ष 2020 में हरिद्वार बुलाकर ग्राम खेडी शिकोहपुर भगवानपुर में एक जमीन दिखाकर करीब 12 बीघा जमीन का सौदा 22 लाख रुपये में तय करते हुए बताया कि जमीन का मालिकाना हक रमन सिंह पाल के नाम पर है। दंपति ने इस सौदे की एवज में रजिस्ट्री के दौरान 8 लाख रुपये की नगदी व 14 लाख रुपये के बैंक चैक आरोपियों को सौंपे।
भूमि अभिलेखों की पड़ताल करने पर पीड़ित पक्ष को पता चला कि जिस जमीन की रजिस्ट्री की गई है वह जमीन फर्जी विक्रेता रमन सिंह पाल के नाम पर दर्ज नहीं है। धोखाधड़ी कर की गई उक्त फर्जी रजिस्ट्री में बतौर गवाह भी आरोपित नीरज कुमार रहा।
न्यायालय के आदेश पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज होने पर आरोपितों की तलाश की गई तो मुख्य आरोपी नीरज कुमार लगातार अपने घर से फरार चल रहा था। पुलिस ने कल देर रात एक सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी नीरज कुमार को गांजा चौक नियर गांजा मजरा, बुग्गावाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया । उसने पूछताछ में अपराध की घटना को अपने साथियो के साथ मिलकर अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने नीरज की निशानदेही पर उसके घर से जमीन क्रय के नाम पर पीड़िता के पति से लिये गये कुल 14 लाख रुपये अंकन धनराशि के 5 बैंक चैक बरामद किये। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Parvatanchal