कांग्रेस रैली: मोदी खुद को समझते हैं भगवान विष्णु का 11वां अवतार, प्रधानमंत्री पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का वार
देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस की बड़ी रैली को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर जमकर सियासी हमला बोला। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी खुद को विष्णु का अवतार समझते हैं। वे भगवान विष्णु के 10 अवतारों के बाद अब 11 वां अवतार बनने निकले हैं। मोदी जी क्रेडिट लेने की होड़ में रहते हैं। वे हर काम का क्रेडिट लेते हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी के सपने में नेहरू, इंदिरा, सोनिया गांधी ही आते हैं। राहुल गांधी तो पीएम मोदी को सोने नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कांग्रेस की न्याय यात्रा से घबरा गये हैं। असम में उनकी यात्रा में गड़बड़ करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कन्याकुमारी से कश्मीर तक न्याय जोड़ों यात्रा में ऐसा कहीं नहीं हुआ जैसा असम में हुआ।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कार्यकर्ता कांग्रेस की ताकत है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने देश की आजादी और एकता के लिए बलिदान दिया। आगे भी कांग्रेस डटकर ऐसे लोगों का सामना करेगी। खड़गे ने कहा कि हमारी नेता इंदिरा गांधी ने देश को एक रखने के लिए अपनी जान दी। राजीव गांधी ने जान दी। मैं भाजपा सरकार और उनकी पार्टी से पूछता हूं कि आजादी के लिए आपके कितने लोग जेल गए, कितने कुर्बान हए। कितनों ने अपना घरबार छोड़ा। कांग्रेस के लोग फांसी पर चढ़े हैं। आप संपत्ति जमा कर रहे हो। आपके घर का कोई व्यक्ति कभी आजादी के लिए नहीं मरा। अंग्रेजी हुकूमत में जब गांधी जी ने भारत छोड़ो का बीड़ा उठाया तो इनके लोग अंग्रेजी सरकार में नौकरी पर लगे।
इससे पूर्व यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने सबसे पहले देरी से पहुंचने के लिए जनता से माफी मांगी।
उन्होंने कहा- ‘देरी इसलिए हुई क्योंकि आजकल उड़ने के लिए भी मोदीजी की परमिशन लेनी पड़ती है। फिर हेलिकॉप्टर में चढ़ने, उतरने, हेलिकॉप्टर लैंडिंग में भी उनकी परमिशन लेनी पड़ती है। वो हम सबको सताते हैं। ताकि लोग लंबा इंतजार करके हमारे भाषण के समय चले जाएं। हमें ऐसी सरकार को हटाना है। आप उत्तराखंड के लोग हिम्मत वाले हैं। पूरे देश को बचाने वाले हैं।’

