शातिर: ज़मीन के फर्जी दस्तावेज लगाकर लाखों की धोखाधड़ी, कोर्ट के आदेश पर हुआ मुकदमा दर्ज

शातिर: ज़मीन के फर्जी दस्तावेज लगाकर लाखों की धोखाधड़ी, कोर्ट के आदेश पर हुआ मुकदमा दर्ज
Spread the love

 

रुद्रपुर। लाखों रुपये उधार लेने के बाद पिता पुत्र ने अपनी भूमि के फर्जी खतोनी दस्तावेज सौंपकर रुपये हड़प लिए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। एलायंस कालोनी निवासी रमेन्द्र कुमार श्रीवास्तव पुत्र स्व- सुरेन्द्र बहादुर श्रीवास्तव ने शंकर सिंह पुत्र कल्लू सिंह व अजय सिंह पुत्र शंकर सिंह निवासी ललपुरी, पोस्ट मजरा आनन्द सिंह गदरपुर के विरुद्ध शिकायत की है। उसने कहा है कि उसके उत्तराखंड जल संस्थान के कार्यालय रुद्रपुर में शंकर सिंह द्वारा अपनी एक बुलेरो गाड़ी संविदा के आधार पर किराये पर चलायी जा रही थी। उसका पुत्र अजय सिंह वाहन को चलाता था। शंकर सिंह एवं उसके पुत्र अजय सिंह दोनों ने आपस में एकराय होकर उससे 6,72,000 रुपये बतौर कर्ज 15 सितम्बर 2020 तक लिए थे। उसेे एक रसीद भी 21अक्टूबर 2020 को स्टाम्प पर तहरीर कर दी। इसी के साथ अपना आधार कार्ड तथा बुलेरो गाड़ी एवं ट्रैक्टर की आरसी की छायाप्रति भी उसे सौंपी थी। बताया कि रुपये वापस मांगने पर शंकर सिंह एवं अजय सिंह दोनों टालमटोल करते रहे। दोनों को धनराशि की वसूली का एक नोटिस भेजा तो शंकर सिंह एवं अजय सिंह उसके घर आये और अनुरोध किया कि उनके विरुद्ध कोई मुकदमा न करें और उन्होंने अपनी कृषि भूमि की खतौनी की एक छायाप्रति देते हुए कहा कि भूमि को वह 5 वर्ष के लिए गिरवी रख लें और अपनी धनराशि चुकता कर लें। शंकर सिंह ने उसे 22,000 रुपये नगद देकर कहा कि अब 6,50,000 रुपये बकाया रह गये हैं। जो जमीन गिरवी रखकर पूरे हो सकते हैं। पीड़ित ने बताया कि उसने बाजपुर तहसील में राजस्वकर्मी से बात की तो पता चला कि शंकर सिंह के नाम इतनी जमीन नहीं है और उक्त खतौनी फर्जी है। आरोप है कि शंकर सिंह एवं उसके पुत्र अजय सिंह ने आपस में सांठगांठ कर उसके साथ धोखाधड़ी कर धनराशि हड़प ली। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पिता पुत्र के खिलाफ रपट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Parvatanchal