आवाज: सरकार के खिलाफ़ फिर सड़क पर उतरे पूर्व सीएम हरीश रावत, बरोजगारी के मुद्दे पर राजधानी में निकाली पद यात्रा

आवाज: सरकार के खिलाफ़ फिर सड़क पर उतरे पूर्व सीएम हरीश रावत, बरोजगारी के मुद्दे पर राजधानी में निकाली पद यात्रा
Spread the love

 

देहरादून। अपनी राजनैतिक और सामाजिक सक्रियता के चलते हमेशा मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत सरकार विरोधी तेवरों के साथ शनिवार को एक बार फिर सड़कों पर उतर आये। बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर हरदा के नेतृत्व में राजधानी में पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस के तमाम बड़े नेता यात्रा में शामिल हुए और भाजपा सरकार पर जमकर सियासी हमले किये।
इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कहा कि दुनिया की सबसे ज्यादा बेरोजगारी दर भारत में है और भारत में सबसे ज्यादा बेरोजगारी की दर उत्तराखंड में है। जो मौजूदा वक्त मे नौ फीसद से ऊपर है। उन्होंने कहा कि 93 हजार के करीब राज्य की नौकरियों में पद रिक्त हैं। बताया कि पिछले छह और सात सालों से सरकारी विभागों में भर्ती का नाटक किया जा रहा है। जबकि भर्ती की नहीं जा रही है केवल ढकोसला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे जाहिर हो जाता है कि राज्य सरकार का नौजवान विरोधी चेहरा है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में कांग्रेस के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भी इस पदयात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान माहरा ने कहा कि बड़ा अफसोस है किि देश में डबल इंजन की सरकार की बात उठी थी और सरकार के मुख्या ने कहा था कि हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देंगे लेकिन हकीकत ये है कि रोजगार तो दूर लोगों की नौकरियां चली गई। उन्होंने कहा कि यहां हो रहे घोटालों में भाजपा के लोग मुख्य आरोपी निकलते हैं। इंडस्ट्रीज यहां से धीरे-धीरे जा रही हैं जो चिंता का विषय है। करन माहरा ने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार राम के नाम से राजनीति कर रही है तो अब उनका मुकाबला करने का एक ही तरीका है कि कांग्रेस पार्टी लोगों के ज्वलंत मुद्दों को लेकर उनके बीच जाकर जागरूक करें। सरकारों का काम मंदिर बनाना भी है और जनता को सुविधा देना भी है ।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह कुंजवाल भी हरदा की पदयात्रा में शामिल हुए। इस मौके पर गोविंद सिंह कुंजवाल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार हर क्षेत्र में फेल हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सात सालों से सत्ता में है लेकिन प्रदेश का कोई विकास नहीं हुआ। बेरोजगारी अपने चरम पर है, महंगाई आसमान छू रही है जिससे जनता परेशान है। कुल मिलाकर हर मुद्दे पर सरकार पूर्ण रूप से फेल साबित हुई है।

Parvatanchal