महाठग: वेब सिरीज बनाने का झांसा देकर जेएसआर फिल्म प्रोडक्शन कंपनी मालिक को लगाया सवा करोड़ का चूना
आरोपी ने खुद को बताया था विख्यात डायरेक्टर, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
देहरादून। फिल्म प्रोडक्शन कंपनी चलाने वाले शहर के एक जाने माने होटल कारोबारी से मुंबई के एक नटवरलाल ने सवा करोड़ रुपये की ठगी कर डाली। जालसाज ने खुद को मुंबई का विख्यात डायरेक्टर बताते हुए पीड़ित को एक वेब सीरिज बनाने का झांसा दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
नेहरू कॉलोनी थाना इंचार्ज मोहन सिंह द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, बंगाली कोठी के पास स्थित जेएसआर प्रोडक्शन कंपनी के पार्टनर तरुण सिंह रावत ने अपने साथ हुई ठगी को लेकर पुलिस को तहरीर दी है। इसमें रावत ने बताया है कि उनकी कंपनी उत्तराखंड के साथ ही देश-विदेश में कई फिल्म, गाने, वेब सीरीज रिकॉर्ड कर चुकी है। नवंबर 2021 में उनके पार्टनर जेद शेख ने उनकी मुलाकात चंद्रकांत सिंह निवासी प्रमुख हाईट्स प्रथम तल, बीरा देसाई रोड अंधेरी वेस्ट मुंबई से कराई।
पीड़ित तरुण सिंह रावत ने पुलिस को बताया कि वह हरिद्वार रोड के विधान सभा चौक पर स्थित जेएसआर होटल के संचालक हैं। उस होटल में ही आरोपी उनसे मिला। उसने अपना परिचय फिल्म इंडस्ट्री में बड़े डायरेक्टर के तौर पर देते हुए कहा कि वह कई निर्माताओं के साथ फिल्म बना चुका है। इसके बाद उसने जनवरी 2023 में फिर तरुण सिंह रावत से मुलाकात कर उन्हें झांसा दिया कि वह उनके प्रोडेक्शन हाउस के जरिए उत्तराखंड में ””फैशन स्ट्रीट”” नाम की वेब सीरीज बनाना चाहता है। यहां फिल्म रिकार्डिंग पर सब्सिडी का लालच भी आरोपी ने दिया। आरोप है कि उसने झांसा दिया कि अभिनेता हेमंत पांडेय समेत 17 जाने माने कलाकार अभिनय करेंगे। आरोप है कि इसके बाद चंद्रकांत ने कई बार उनका पूरे होटल को बुक कराने के साथ फिल्म प्रोडक्शन सारे सामन की बुकिंग करा दी। ऐसा कई बार किया और फिल्म रिकॉर्ड नहीं हुई। झांसा देता रहा है कि रिकॉर्डिंग होने पर वह पूरे नुकसान की भरपाई कर देगा।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित तरुण सिंह रावत ने आरोप लगाया है कि ठग के झांसे में आकर पीड़ित को सवा करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। चंद्रकांत का दिया गया चेक भी बाउंस हो गया। वेब सीरीज निर्माण को लेकर आरोपी ने अनुबंध भी किया था। एसपी सिटी सरिता डोबाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव कोशिशों में जुट गयी है।

