शुभ प्रभात: जानिए, कैसा रहेगा आपके लिए नया वर्ष 2024

शुभ प्रभात: जानिए, कैसा रहेगा आपके लिए नया वर्ष 2024
Spread the love

 

वार्षिक राशिफल: सोमवार, 01 जनवरी 2024

मेष:
मेष राशि के लिए नया साल 2024 कई मायनों में अच्छा होने वाला है। फिर भी हम कह सकते हैं कि आपको कुछ हद तक अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना होगा। साल की शुरुआत में शुभ ग्रह बृहस्पति आपकी राशि में रहेंगे, जिसके कारण आप शिक्षा के साथ सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे। 1 मई 2024 से बृहस्पति का राशि परिवर्तन करना भी आपके लिए शुभ ही रहेगा। इस समय आपको परिवार के लोगों का भरपूर सहयोग मिलेगा। पिछले कुछ समय से जो मतभेद चल रहे थे, अब वह दूर होंगे। गुरु (बृहस्पति) साल 2024 में आपको काफ़ी लाभ देने वाले हैं। आप पैसा कमाने के साथ जोड़ना भी चाहेंगे और साल के आखिरी तक काफ़ी सारी बचत कर पाएंगे। हालांकि शनि की तीसरी दृष्टि इस साल आपके इनकम पर रहेगी। वैसे यह आपके लिए शुभ ही रहने वाली है, क्योंकि आप जितनी अधिक मेहनत करते जाएंगे, आपकी आय उतनी ही बढ़ती चली जाएगी। 29 जून 2024 से 15 नवंबर 2024 के दौरान शनि वक्री रहेंगे। इस अवधि के दौरान आपको अपने करियर में कुछ उतार-चढ़ाव के साथ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। राहु आपकी राशि में 12वें भाव में होंगे। यदि आप विदेश जाने की चाह रखते हैं, तो साल 2024 में इसके लिए तैयारी शुरू कर सकते हैं। विदेश से जुड़े कामों में आपको सफलता भी मिल सकती है। नौकरी करने वालों के लिए छठें भाव का केतु ट्रांसफर के योग बना सकता है। वैसे नौकरी और व्यवसाय के मामले में साल 2024 अच्छा ही रहने वाला है। प्रेम और रिश्तों को लेकर भविष्यफल 2024 आपको सुखद संकेत ही दे रहा है, यह सुख आपको जून के बाद थोड़ा ज्यादा प्राप्त होगा। जनवरी से मई तक का समय आपको रिश्तों में बेहद तालमेल के साथ गुज़ारना होगा। आपके मतभेद भी बढ़ सकते हैं। हालांकि यह साल आपकी उन्नति का साल कहा जा सकता है, क्योंकि पिछले साल के ज्यादातर समय राहु आपकी राशि में थे और इस कारण से आप कई तरह की उलझनों का सामना कर रहे थे। कुल मिलाकर यह साल आपके लिए फलदायक है।

 

वृषभ:
वृषभ राशि के लोगों को नए साल में उत्तम स्वास्थ्य के साथ कार्यक्षेत्र और आर्थिक क्षेत्र में भी लाभ प्राप्त होगा, लेकिन इस लाभ के लिए शुरुआती चार महीनों में थोड़ा स्ट्रगल करना होगा। एक मई के बाद से स्थितियों में सुधार होने लगेगा और धीरे-धीरे यह साल आपके लिए सर्वोत्तम अवसर लेकर आएगा। राशिफल 2024 की मानें तो बृहस्पति इस साल आपको काफी लाभ देने वाले है। एक मई से बृहस्पति आपकी ही राशि में होंगे। यह समय आपके लिए बदलाव का रहेगा और पिछले कुछ समय से जिस कारण से आप परेशान चल रहे थे, वह कारण अब दूर होगा। आपका स्वास्थ्य अच्छा होगा और आप खाने-पीने के शौकीन बनेंगे, लेकिन ध्यान रखें कि बृहस्पति के कारण आप मोटापे का शिकार ना हो जाएं। राहु आपके एकादश भाव में इस पूरे साल रहेंगे। आप एक से अधिक जगहों से आय प्राप्त कर सकेंगे।  इस साल शनि आपको थोड़ी अधिक मेहनत करने के लिए कह रहे हैं। शनि आपके लिए पूरे साल दशम भाव में रहेंगे। इसका सीधा सा अर्थ यह है कि आपको संयम रखते हुए, अपने काम को आगे बढ़ाना होगा। अगर हो सके तो नौकरी बदलने में इस साल जल्दबाज़ी ना करें। कई बार आपको लगेगा कि करियर की रफ्तार थोड़ी स्लो है, लेकिन ध्यान रखें कि इस स्लो रफ्तार से कछुए ने रेस जीती थी। नौकरी के मामले में आपको  29 जून 2024 से 15 नवंबर 2024 के दौरान विशेष ध्यान रखना होगा। प्रेम की बात करें तो,  आप थोड़े कन्फ्यूज रहेंगे। कई बार आपको लगेगा कि आपका रिलेशनशिप आगे नहीं बढ़ रहा है, लेकिन ऐसा नहीं है। राहु की दृष्टि और केतु की उपस्थिति के कारण यह दिक्कत होती रहेगी, लेकिन धैर्य के साथ समय काट लें। विद्यार्थियों को बार-बार कोर्स बदलने का मन कर सकता है। अप्रैल के बाद आप सोशल मीडिया में समय ना बर्बाद करें। यदि अच्छी मेहनत कर ली, तो मनचाहा कॉलेज जरूर मिलेगा।

 

मिथुन:
यह साल आपके लिए मिश्रित रहने वाला है। कभी आप कन्फ्यूज होंगे, कभी बहुत ज्यादा खुश भी। साल भर शनि की तीसरी दृष्टि आपके आय भाव पर पड़ती रहेगी। इससे आपकी आय अच्छी होगी और सबसे खास बात यह है कि आप बचत करने के बारे में सोचेंगे। ज़्यादातर  पैसा आपकी यात्राओं पर खर्च होगा। साल की शुरुआत में गुरु आपको बेहद आगे बढ़ने की संभावनाएं दे रहे हैं । नौकरी में उन्नति, हायर एजुकेशन के चांस, लव लाइफ में बैलेंस ये सभी आपको मई तक आसानी से प्राप्त होगा। इसके बाद आपको इन चीजों के लिए थोड़ा स्ट्रगल करना होगा। राशिफल 2024 आपको करियर के मामले में ज्यादा बड़े निर्णय नहीं लेने के लिए आग्रह कर रहा है। एकदम से गुस्से में आकर नौकरी ना छोड़ें। कार्यस्थल पर कुछ दिक्कतें जरूर आ सकती हैं, लेकिन आपके तेज़ दिमाग से आप इसे आसानी से हल कर लेंगे। केतु के इस साल चतुर्थ भाव में रहने से आपको ज़मीन से जुड़े कोई काम या पैतृक संपत्ति के लिए अचानक से कुछ यात्राएँ करनी पड़ सकती हैं। इस दौरान आपको अपने माता-पिता के स्वास्थ्य की चिंता भी होगी। आप समय-समय पर अपने साथ-साथ अपने पैरेंट्स के लिए भी डॉक्टर की सलाह जरूर लेते रहें, आपके लिए यह अच्छा होगा। जो लोग विदेश से जुड़ा कोई काम करते हैं यानी इंपोर्ट-एक्सपोर्ट, उनके लिए मई के बाद काफी अच्छा समय रहेगा। वहीं नौकरी में भी उन्नति होगी। मिथुन राशि के लोगों के लिए सितंबर-अक्टूबर का समय भी प्रोफेशनल मामलों के लिए अच्छा ही रहेगा। जो लोग फ्लैट या ज़मीन या अपना घर खरीदना चाहते हैं, उन्हें भी इस समय लाभ मिल सकता है। इस साल आप कुछ ज्यादा ही आध्यात्मिक हो सकते हैं। कोई गुरु आपको मिल सकते हैं, जो आपको योग, ध्यान, प्रार्थना या पूजा पाठ की ओर अग्रसर करेंगे। विदेश में पढ़ने या काम करने के इच्छुक लोगों के लिए भी यह साल अच्छा रहेगा। मई 2024 तक लव लाइफ काफी एक्साइटमेंट वाली रहेगी। इसके बाद कुछ मतभेद आ सकते हैं, लेकिन उन्हें आप दिल पर ना लें। इस पूरे साल आप कमाएंगे अच्छा, लेकिन सलाह यही है कि आप धन बचाएं भी।

 

कर्क:
जल तत्व की राशि कर्क के लिए 2024 कई अच्छे अवसर और लाभ लेकर आया है। पिछले साल जिस तरह का कन्फ्यूजन था, वह इस साल कुछ कम रहेगा। साल की शुरुआत में बृहस्पति आपके दसवें भाव में रहेंगे। करियर को लेकर आप जो बदलाव सोच रहे हैं, वह इस समय हो सकता है। मई के बाद बृहस्पति आपकी राशि के ग्यारहवें भाव में रहेंगे। यह आपके लिए काफी अच्छा समय होने वाला है। आप कई जगहों से इनकम प्राप्त करेंगे। पिछले कुछ दिनों से चल रहा लव लाइफ का मतभेद भी इस समय दूर हो सकेगा। राहु और केतु भी आपको इस साल फायदा ही देने वाले हैं। आप इस साल कई सारी यात्राएँ करेंगे। राहु के कारण कुछ धार्मिक, कुछ पर्यटन के लिए या कुछ लंबी दूरी के ऑफिस या बिजनेस टूर भी हो सकते हैं। राहु नवम भाव में रहेगा, इसलिए इस पूरे साल भाग्य के भरोसे ना रहें, मेहनत करें, क्योंकि बृहस्पति आपको यही करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस पूरे साल आपकी राशि में शनि अष्टम भाव में रहने वाले हैं, इसलिए आपको यह सलाह दी जाती है कि किसी भी काम को करने में अपना धैर्य नहीं खोएं। लंबी दूरी की यात्रा में कार या कोई गाड़ी खुद ना चलाएं। किसी भी तरह की कोई छोटी बीमारी होने पर आप डॉक्टर की सलाह जरूर लें और परिवार में बड़े लोगों का सम्मान बनाए रखें। घर के बुजुर्गों की बात मानें। अष्टम शनि वक्री होकर आपको 29 जून के बाद से और विपरित परिणाम भी दे सकते हैं। शनि को मनाने का एक ही तरीका है, काम करें, धैर्य रखें। इस साल आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी और धन बढ़ता भी रहेगा, लेकिन घर के रिनोवेशन या गाड़ी की मरम्मत या गैर ज़रूरी चीजों की खरीदारी पर आप बहुत पैसा खर्च कर सकते हैं। प्रेम के मामले में भविष्यफल 2024 आपको संकेत दे रहा है कि मई के बाद का समय आपके लिए सबसे अच्छा रहेगा। आपके प्रिय के साथ जो मतभेद चल रहे थे, वह दूर होंगे। जो लोग सिंगल हैं, वह किसी रिलेशनशिप में भी आ सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए यह समय अच्छा रहेगा।

 

सिंह:
2024 बहुत सारी खुशियाँ लेकर आया है। सिंह राशिफल 2024 के अनुसार, सिंह राशि के लोगों के लिए मई से पहले काफी अच्छा समय रहेगा। साल के इन शुरुआती महीनों में बृहस्पति नवम भाव में रहेंगे। इस समय भाग्य आपका साथ देगा। धन को लेकर आ रही परेशानी भी दूर होगी। इन चार महीनों आप आध्यात्मिक यात्राएँ करेंगे। आपका कॉन्फिडेंस बढ़ेगा और यदि आप किसी कंपनी के मालिक हैं, या फ्रेंचाइजी लेकर काम करते हैं, तो आपके लिए यह समय उन्नति वाला रहेगा। मई के बाद बृहस्पति दशम भाव में आएंगे। इस समय करियर को लेकर कोई विशेष परेशानी तो नहीं होगी, लेकिन नए बदलाव के बारे में तुरंत निर्णय लेने से बचें। इस समय ज़मीन-जायदाद या पैतृक संपत्ति से जुड़ा कोई विवाद दूर हो सकता है।  इस पूरे साल आपको राहु से सतर्क रहना चाहिए। राहु आपके अष्टम भाव में गोचर करेगा, इसलिए बार-बार छोटी-छोटी दुर्घटनाएं या परिवार से विवाद होता रहेगा। आपकी बोली लोगों को कड़वी लग सकती है। बार-बार आपका मन परिवार से दूर जाने को करेगा, लेकिन इन सभी के बीच अच्छी बात यह भी है कि आपको कोई आकस्मिक धन लाभ भी हो सकता है। आप अपने बिजनेस के सिलसिले में कई बार विदेश आना-जाना कर सकते हैं। उच्च शिक्षा के लिए भी यह साल बढ़िया रहेगा। इस साल आप उन्नति करेंगे। धीरे-धीरे जीवन के सभी क्षेत्रों में आपको लाभ होता दिखेगा। इस वर्ष के मध्य तक आप बहुत अच्छी स्थिति में आ जाएंगे। जैसे-जैसे वर्ष आगे बढ़ेगा आपको लगेगा कि आप बहुत कुछ हासिल कर पा रहे हैं। हालांकि बिजनेस को लेकर अभी संभलने का समय है। एकदम से कोई बड़ा निर्णय ना लें, क्योंकि इस पूरे साल शनि आपके सातवें भाव में रहेंगे और बिजनेस पार्टनर से संबंध का भी। यहाँ ध्यान का सीधा मतलब धैर्य से हैं, क्योंकि हो सकता है कि आपको अपने पार्टनर की कोई बात पसंद ना आए। बिजनेस में कुछ नया करना चाहते हैं, तो अप्रेल के बाद ट्राय करें।  इस साल लव लाइफ आपकी काफी अच्छी रह सकती है। इस साल आप घर में छोटे मेहमान का स्वागत भी कर सकते हैं।

 

कन्या:
इस राशि के लोगों के विचार एक जगह पर नहीं टिकते हैं और राशिफल 2024 भी कन्या राशि के लिए कुछ ऐसा ही इशारा कर रहा है कि यह साल कई बार आपको उलझन में रखेगा। साल की शुरुआत थोड़ी कमज़ोर होगी, लेकिन जैसे-जैसे साल आगे बढ़ेगा, आपके लिए काफ़ी अच्छा समय आने लगेगा। जनवरी से अप्रेल तक बृहस्पति आपके अष्टम भाव में रहेंगे। इस दौरान आपका विश्वास ज्योतिष, तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों में बढ़ेगा। वहीं अचानक से कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी जैसे कोलेस्ट्रॉल का बढ़ना या मोटापा बढ़ना, अचानक से डिप्रेशन में आना ऐसे लक्षण दिखाई देंगे, लेकिन घबराने की बिल्कुल भी ज़रूरत नहीं है, क्योंकि यह केवल अप्रैल 2024 तक रहने वाला है। जैसे ही बृहस्पति मई में अपना घर बदलेंगे, आपका भाग्य आपका साथ देगा। कई धार्मिक यात्राएँ भी आप कर पाएंगे। केतु और राहु इस पूरे साल आपके पहले और सातवें भाव में रहेंगे, इसलिए हर थोड़े दिन में आप अनजान डर या अकेलेपन का शिकार होने लगेंगे। लाइफ पार्टनर के साथ थोड़े-थोड़े दिन में बहस होगी, लेकिन आपको बार-बार मतभेद भूलाकर फिर से रिश्ते को खूबसूरती से संवारना चाहिए। नौकरी करने वाले लोगों के लिए इस साल कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। गुस्से में आकर नौकरी ना छोड़ें। कई बार आपको लगेगा कि केवल आप काम कर रहे हैं और आपके साथ काम करने वाले आपका बिल्कुल भी साथ नहीं दे रहे हैं। ऐसे में हो सकता है कि ऑफिस में आपकी बहस हो जाएं, इसलिए धैर्य से काम करें। इस पूरे साल भाई-बहनों से आपको बहुत सहयोग मिल सकता है। हर कुछ दिनों में आपका आत्मविश्वास चरम पर रहेगा और आप कुछ नया करने का साहस भी जुटा लेंगे। बिजनेस करने वालों को एकदम से नया कुछ नहीं करना चाहिए। स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव चलता रहेगा। आप डॉक्टर की सलाह से काम करें। इस साल प्रेम जीवन में आपको सफलता मिल सकती है। अप्रेल के बाद आप अपने पार्टनर के साथ काफी रोमांटिक समय बिता सकते हैं। सिंगल्स भी इस साल किसी रिलेशनशिप में आ सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए भी समय अच्छा रहेगा। आपको अप्रेल के बाद बृहस्पति का सपोर्ट मिलेगा और कुछ कॉम्पिटिटिव एग्जाम में आपका रिजल्ट पॉजिटिव आ सकता है। राशिफल  आपको सलाह दे रहा है कि आप ज्यादा खर्च की आदत से इस साल बचें। बड़ी प्रॉपर्टी बना सकते हैं, इसलिए कई विशेषज्ञों की सलाह से निवेश करें और सेहत के मामले में गंभीरता बनाए रखें।

 

तुला:
तुला राशि के लिए साल 2024 संतुलन लेकर आया है। साल की शुरुआत आपकी कई पॉजिटिव चीजों से होगी। बहुत सा धन लाभ होगा। घर में अच्छा वातावरण रहेगा और घर वालों का आपको सपोर्ट मिलेगा। बिजनेस में कुछ नया करने के बारे में सोच सकेंगे। मई से जब बृहस्पति की स्थिति बदलेगी और बृहस्पति आपकी राशि से आठवें घर में जाएंगे, तब आपको कुछ चीज़ों का ध्यान रखना होगा। इसके बाद आप अतिरिक्त खर्च से बचें और छोटी बीमारी को भी गंभीरता से लें, क्योंकि इस दौरान बार-बार पेट दर्द की समस्या आपको हो सकती है। साल की शुरुआत में आपका व्यवहार लोगों के प्रति काफी अच्छा रहेगा और अपनी मीठी वाणी से आप काफी काम बना पाएंगे। बिजनेस या नौकरी में आपको काफी सम्मान और लाभ मिलेगा। इस साल विदेश से जुड़ा आपका कोई सपना सच हो सकता है। स्टूडेंट्स या वर्किंग प्रोफेशनल्स जो विदेश में काम करने या पढ़ाई के इच्छुक हैं, उनके लिए इस साल कई अवसर आ सकते हैं। आपको इन अवसरों को पहचानना है और आगे बढ़ना है। जैसे-जैसे साल आगे बढ़ता जाएगा, कुछ अनावश्यक खर्चें भी आपकी सेविंग्स को खत्म करने लगेंगे। इन पर आप चाहते हुए भी कंट्रोल नहीं कर सकते हैं। इस साल आप किसी तरह के स्पिरिचुअल ऑर्गेनाइजेशन से भी जुड़ सकते हैं। पूरे साल थोड़े-थोड़े अंतराल में आपके मन में एकांत में रहने की इच्छा जागेगी। वैसे तो परिवार में सब कुछ ठीक रहेगा, लेकिन आप बच्चों की बार-बार चिंता करेंगे। भविष्यफल सचेत कर रहा है कि यदि आपने धैर्य की कमी दिखाई तो आपकी लव लाइफ इस साल कुछ मुश्किल में भी आ सकती है। हो सकता है कि आप खुद रिलेशनशिप से ब्रेक लेना चाहें, लेकिन इस बात का ध्यान जरूर रखें कि आपकी राशि तुला है और आप हर चीज को बैलेंस करना जानते हैं। स्टूडेंट्स के लिए थोड़ा अतिरिक्त मेहनत करने का समय है, क्योंकि हो सकता है सोशल मीडिया, मूवी, थिएटर, म्यूजिक से आप अपना कीमती समय बर्बाद कर लें। रिसर्च का काम कर रहे हैं, तो आपके लिए यह समय अच्छा रहेगा। प्रॉपर्टी के काम में आपको सक्सेस मिल सकती है। किसी पैतृक संपत्ति का कोई पुराना विवाद भी दूर हो सकता है।

 

वृश्चिक:
अपनी हर बात को सीक्रेट रखने वाले वृश्चिक राशि के लोगों के लिए राशिफल का इशारा यही है कि सीक्रेटली काम करते जाएं और सफलता प्राप्त करते जाएं। साल की शुरुआत आपके लिए काफी अच्छी रहेगी। नौकरी में उन्नति, विदेश यात्रा में सफलता, शत्रुओं पर जीत और आर्थिक लाभ, मतलब कह सकते हैं कि आपके लिए साल 2024 की शुरुआत वैसी ही होगी, जैसा कि सभी चाहते हैं। अप्रेल तक गुरु छठें भाव में रहेंगे। इस दौरान आप विरोधियों पर भारी पड़ेंगे। आप में लीडरशिप की क्वालिटी डेवलप होगी। नए प्रोजेक्ट्स में आप आसानी से डील कर पाएंगे। मई के बाद भी गुरु का सपोर्ट आपकी फैमिली लाइफ को बहुत अच्छा रखेगा। बिजनेस करने वालों को नए अवसर मिलेंगे। बहुत से अच्छे काम बनेंगे। इस साल राहु आपके पांचवें और केतु आपके 11वें भाव में होंगे, इसलिए लव लाइफ को लेकर आपको थोड़ा सावधान रहने की जरूरत होगी। बार-बार आपके अपने साथी के साथ मतभेद दिखेंगे। मनमुटाव की यह स्थिति रिलेशनशिप को ब्रेक करने के लिए काफी होगी। वहीं इनकम तो अच्छी होगी, लेकिन एक निश्चित इनकम पूरे साल नहीं हो पाएगी। कभी अचानक से बहुत ज्यादा पैसा आपको मिल जाएगा। किसी महीने कम काम होगा। साल भर आप एक से अधिक इनकम के सोर्स बढ़ाने के लिए मेहनत करेंगे और उसका लाभ भी आपको मिलेगा। शनि की चौथे भाव में उपस्थिति आपके लिए अच्छी रहने वाली है, लेकिन यदि आपने किसी घर, जमीन या फ्लैट का सौदा करने का विचार किया है, तो उसमें कुछ देरी हो सकती है। इस साल आपको अपने माता-पिता का सपोर्ट काफी मिलेगा, लेकिन आपको उनके स्वास्थ्य की चिंता भी होगी। 29 जून से 2024 से 15 नवंबर 2024 के बीच जब शनि वक्री रहेंगे, आप नई गाड़ी या मकान खरीदने की हिम्मत जुटा पाएंगे। इसमें आपके परिवार के लोगों का भी आपको साथ मिलेगा। स्टूडेंट्स के लिए इस साल थोड़ा कन्फ्यूजन भरा समय रहेगा। वे बार-बार कोर्स बदलने को लेकर मन में विचार करते रहेंगे। मूवी, थिएटर, सोशल मीडिया में समय बर्बाद भी कर सकते हैं। रिसर्च करने वाले स्टूडेंट्स भी किसी खास नतीजे पर नहीं पहुंच पाएंगे। सीनियर्स या टीचर्स की हेल्प से आप काम करें। मई के बाद कुछ हेल्थ इश्यू हो सकते हैं। कोलेस्ट्रॉल बढ़ना, अचानक डिप्रेशन में आना या डायबिटिज का कोई इश्यू हो सकता है। ध्यान, योग और एक्सरसाइज को इस साल अपने रूटीन में ज़रूर शामिल करें।

 

धनु:
आप के लिए साल 2024 कई मामलों में बेहद शुभ रहने वाला है। आपको शुरुआती महीने में काफ़ी अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। जनवरी से अप्रेल तक बृहस्पति आपके पांचवें भाव में रहेंगे। यह समय शिक्षा, प्रेम और आय को बढ़ाने वाला होगा। नौकरी करने वालों को साल 2024 के शुरुआती महीनों में प्रमोशन मिल सकता है। आपकी आय बढ़ेगी। लव लाइफ को लेकर भी यह समय काफी अच्छा रहेगा। आपको कई बार लगेगा कि भाग्य आपका साथ दे रहा है। जो लोग नौकरी बदलने या बिजनेस में कुछ नया करने का विचार कर रहे हैं, उनके लिए मई के बाद का समय काफी बेहतर हो सकता है। इस साल हेल्थ के पुराने इश्यू सॉल्व होंगे और आपके विरोधी भी आपके पक्ष में नजर आएंगे। विदेश में जॉब या पढ़ाई के इच्छुक लोग मई के बाद प्रयास करें। राहु और केतु भी आपके लिए कई मायनों में सफलता लेकर आने वाले हैं। पॉलिटिक्स में काम करने वालों को इस साल सफलता मिल सकती है। हालांकि राहु-केतु बीच-बीच में आपको फैमिली टेंशन देते रहेंगे, लेकिन आपको किसी की भी बात को मन पर नहीं लेना है और धैर्य के साथ कार्य करते जाना है। मई के बाद लव मैटर्स में थोड़ी दिक्कत आ सकती है, लेकिन यह इतनी बड़ी नहीं होगी। इस साल शनि आपकी राशि से तीसरे भाव में खुद के घर में होंगे। यह आपके लिए बेहद शुभ है। किसी भी कार्य को करने के लिए आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। आप भाग्य की जगह मेहनत पर यकीन करेंगे। इस साल इनकम के और भी सोर्स आप डवलप कर पाने की स्थिति में होंगे। जून के बाद जब शनि वक्री स्थिति में होंगे, तब आपको थोड़ा धैर्य ज्यादा रखना होगा। भाई-बहनों को आपकी मदद की ज़रूरत  पड़ सकती है। आपको उनकी मदद करनी ही चाहिए। स्टूडेंट्स को मई तक सफलता के ज़्यादा चांस मिलेंगे। इस दौरान आप किसी एग्जाम में सफलता भी प्राप्त कर सकते हैं।

 

मकर:
वैसे तो मकर राशि के लिए शनि की साढ़े साती का आखिरी चरण चल रहा है, लेकिन  यह साल आपके लिए भाग्योदय का साल भी बन सकता है। पिछले कई समय से जो परेशानियां चल रही थीं, वे धीरे-धीरे दूर होती नज़र आएंगी। साल की शुरुआत में बृहस्पति आपकी राशि के चौथे घर में होंगे। इस दौरान माता का आपको भरपूर सहयोग और प्यार मिलेगा। पैतृक संपत्ति से जुड़ा विवाद भी दूर होगा। कोई नई गाड़ी या फ्लैट या मकान खरीदने की स्थिति बनेगी। मई के बाद भी आपके लिए बृहस्पति शुभ ही रहने वाले हैं। इस दौरान आपकी आय बढ़ेगी। स्टूडेंट्स के लिए यह समय बेहद अच्छा रहेगा और वे अच्छा प्रदर्शन करेंगे और किसी मनचाहे कोर्स में एडमिशन ले पाएंगे। राहु और केतु भी आपको सपोर्ट करते रहेंगे। राहु आपके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और आप रिस्क लेने के काबिल बनेंगे। इस दौरान आप कठिन परिश्रम करेंगे और अपनी नौकरी या बिजनेस में अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा कर पाने की स्थिति में होंगे। इस साल आप पैसा कमाएंगे भी और अच्छे कार्यों पर खर्च भी करेंगे। आपकी रुचि दान देने में होगी। विदेश में काम के इच्छुक लोगों का सपना मई के बाद पूरा हो सकता है।मकर राशि के लोगों के लिए उनके राशि स्वामी शनि दूसरे भाव में होंगे। शनि स्वयं की राशि में होंगे, इसलिए आपको कोई विशेष हानि नहीं करेंगे। परिवार के लोगों के साथ आपका सामंजस्य बना रहेगा। सबसे अच्छी बात यह रहेगी कि आप किसी की भी बात का बुरा मानकर जल्दी से रिएक्ट नहीं करेंगे। कोई भी काम पैसे की कमी से रुकने वाला नहीं है, इसलिए आप निश्चिंत रहें। हालांकि जून के बाद से लेकर नवंबर तक आपको अपनी हेल्थ का बहुत ध्यान रखना होगा। इस दौरान बार-बार आपकी हेल्थ ख़राब हो सकती है। सही समय पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें। इस साल की शुरुआत में बुध और शुक्र आपके एकादश भाव में स्थित होंगे। इससे आय अच्छी होगी और लव मैटर्स में भी आपके पुराने मतभेद दूर होंगे।  मई के बाद लाइफ पार्टनर की हेल्थ का ध्यान रखना होगा। इस साल आप अपनी फैमिली के साथ कहीं घूमने जा सकते हैं।

 

कुंभ:
कुंभ राशि के लिए यह साल मिश्रित रिज़ल्ट देगा। ऐसा इसलिए भी होगा, क्योंकि अभी शनि की साढ़े साती का दूसरा चरण चल रहा है। पूरे साल शनि आपकी राशि में गोचर करेंगे। हालांकि इसका पॉजिटिव साइड देखें, तो आप इस कारण से थोड़े गंभीर किस्म के रहेंगे। मजाक-मस्ती से दूर आपके विचारों में गंभीरता रहेगी और लोग आपका पूरा सम्मान करेंगे, लेकिन ध्यान रखें कि गंभीर व्यक्तित्व होने और कठोर व्यक्तित्व होने में अंतर है। आप कठोर ना बनें।  साल भर आपको अपने जीवनसाथी के साथ मतभेदों का सामना करना होगा। इस दौरान आपको धैर्य का परिचय देना होगा, अन्यथा बात अलगाव तक भी जा सकती है। हालांकि साल के शुरुआती महीनों में बृहस्पति आपको वैवाहिक जीवन की उथल-पुथल से बचाए रखेंगे। करियर के लिहाज़ से यह साल मेहनत भरा है। कई बार आपको लग सकता है कि आपने मेहनत की है, लेकिन उतना अच्छा परिणाम नहीं मिला है। इस बात को सोचकर निराश ना हों। यह एक फेज है, जो जल्दी ही समाप्त हो जाएगा।  साल की शुरुआत में बृहस्पति आपको आत्मविश्वासी और साहसी बनाए रखेंगे। इस दौरान आप रिस्क लेंगे और नौकरी में बड़े फैसले ले पाएंगे, लेकिन यह साल नई नौकरी ढूंढने के लिए एकदम बढ़िया नहीं है। बिजनेस में भी एकदम से किसी लाभ की आशा ना करें और ना ही बिजनेस पार्टनर पर बार-बार शंका करें। इससे आपके कार्य प्रभावित होंगे। इस साल आप कुछ धार्मिक यात्राएं भी कर सकते हैं। आपके घर में भी किसी तरह का मंगल कार्य हो सकता है। इस साल राहु आपके परिवार के अन्य लोगों के साथ कुछ मतभेद करवा सकता है। पूरे साल केतु आपके अष्टम भाव में होगा। यह आपके लिए शुभ भी हो सकता है, यदि आप थोड़े आध्यात्मिक रहें। आपका इंटरेस्ट ज्योतिष, तंत्र-मंत्र या जादू-टोने में रहेगा। केतु के कारण अचानक से कोई धन लाभ भी हो सकता है। हेल्थ को लेकर आपको अलर्ट रहना होगा। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने या ब्लड प्रेशर के कारण आप कुछ परेशान हो सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए मेहनत भरा साल है। ध्यान रखें यदि आपका टाइम बिगड़ा, तो साल बिगड़ सकता है।

 

मीन:
मीनराशि के लोग द्विस्वभाव के होते हैं और ऐसे स्वभाव के कारण साल 2024 में भी इन्हें लाभ और हानि होती रहेगी।  आप शनि की साढ़े साती के मध्य चरण में रहेंगे। इसलिए ज्यादा अच्छे परिणामों के लिए आपको बेहद मेहनत करनी होगी। कई बार आपको लगेगा कि भाग्य आपका साथ नहीं दे रहा है, लेकिन साढ़े साती में धैर्य और मेहनत ही आपके सच्चे दोस्त हैं। यह आपको समझना होगा। इस साल चिकित्सा, कोर्ट कचहरी या बच्चों की ज़रूरत  पर अनावश्यक पैसा खर्च हो सकता है। आपकी सेविंग्स कम हो सकती हैं। पूरे साल राहु आपको भ्रम में भी रखेगा। आपकी राशि के कारण आपका स्वभाव भी द्विस्वभाव है। ऊपर से राहु आपकी राशि में गोचर करेंगे, जो आपके लिए थोड़ा नुकसान लेकर आ सकते हैं, क्योंकि आप जरूरत से ज्यादा सोचेंगे, लेकिन एक अच्छी बात यह होगी कि आप मेहनती बनेंगे और जुगाड़ से अपने सभी काम पूरे करने के काबिल बन पाएंगे। इसी कारण कार्यक्षेत्र में आपको सफलता मिलेगी, लोग आपसे काम करने का शॉर्टकट सीखना चाहेंगे। केतु के कारण पारिवारिक जीवन में थोड़ा तनाव हो सकता है। आप अकेले रहना चाहेंगे और हो सकता है कि आप किसी मेडिटेशन कैंप या किसी स्पिरिचुअल टूर पर अकेले ही निकल जाएं। बिजनेस को लेकर अभी कोई बड़ा प्लान ना करें। इस साल मेहनत करें और जैसा चल रहा है, उसे चलने दें। अप्रैल तक आपकी आय के सोर्स बढ़ सकते हैं और नौकरी में उन्नति के चांस भी मिलेंगे। मई के बाद आप किसी नई नौकरी की तलाश कर सकते हैं। आपको धैर्य से इसी नौकरी में आगे बढ़ने की सलाह दे रहा है। बृहस्पति अप्रेल के बाद से आपके तीसरे भाव में रहेंगे। इसके चलते आपका आत्मविश्वास तो बढ़ेगा, लेकिन आय में अप-डाउन चलता रहेगा। साल 2024 में आपको स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। आंखों में जलन, पैरों में दर्द से आप परेशान हो सकते हैं। इस साल हेल्थ को लेकर कोई लापरवाही ना करें। स्टूडेंट्स के लिए यह कड़ी मेहनत वाला समय है। पहले की गई मेहनत का भी एकदम से पॉजिटिव रिजल्ट दिखे, ऐसी उम्मीद कम है। आपको मेहनत करते रहना होगा।

Parvatanchal