दुखद: वाहनों की भिड़ंत में 4 की मौत, पीएम की सभा के लिए आ रही बस से टकराई कार

दुखद: वाहनों की भिड़ंत में 4 की मौत, पीएम की सभा के लिए आ रही बस से टकराई कार
Spread the love

कार से शादी के लिए खरीददारी करने जा रहे थे मृतक 

संवाददाता
देहरादून, 04 दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए भीड़ जुटाने की  भाजपा नेताओं की कवायद शहर के चार अभागे नागरिकों की जान पर भारी पड़ गई। शनिवार को यहां आयोजित जनसभा में  आ रही बस से हुई भिड़ंत में कार सवार इन चारों लोगों की दुखद मौत हो गई।  बताया गया है कि मरने वाले कार सवार लोग शादी की खरीदारी करने जा रहे थे। गौरतलब है कि शनिवार को देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करना था। उसके लिए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से लोग बसों और गाड़ियों में भरकर देहरादून लाए जा रहे थे। इसी सिलसिले में ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेश राठौर द्वारा कई ग्रामीणों को बसों में बिठाकर जब देहरादून लाया जा रहा था तो ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के शहीदवाला ग्रांट से लोगों को लेकर आ रही  एक बस मोहंड के पास सामने से आ रही वैगनआर कार से टकरा गई।
बताया जाता है कि कार सवार लोग देहरादून के मेहूवाला निवासी थे जो शादी के लिए खरीदारी करने जा रहे थे। दोनों वाहनों के बीच हुई भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार चार लोग मौके पर ही मौत का शिकार बन गए। मृतकों की पहचान प्रवीण चौहान (44 वर्ष),  शिल्पी, निशांत और दीक्षांत, निवासी- मेहूवाला, देहरादून के तौर पर की गयी। इस हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। कुछ राहगीरों ने  पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार के अंदर से शवों को बाहर निकाला। इस दुखदाई हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों के साथ ही पूरे इलाके में मातम की लहर छा गई।

Parvatanchal