निर्देश: अधिकारी व थाना प्रभारी रात्रि में 11 से 02 बजे के बीच अपने थाना क्षेत्र में एक बार लेंगे राउंड
देहरादून। आज एसएसपी अजय सिंह ने पुलिस कार्यालय देहरादून में जनपद के समस्त पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारियों व ट्रैफिक के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा वर्तमान में जनपद के बॉर्डर्स व आंतरिक मार्गों में रात्रि चेकिंग के लिए लगाए जा रहे बैरियर/ नाका प्वाइंट्स में पुलिस चेकिंग की समीक्षा की गई। विभिन्न थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर रात्रि चेकिंग के लिए नये नाका प्वाइंट बनाते हुए प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
साथ ही महत्वपूर्ण नाका प्वाइंट्स पर स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी को नियुक्त करने तथा सभी क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों द्वारा प्रतिदिन रात्रि 11 से 2 बजे के बीच अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिये गए। ट्रैफिक के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि रात्रि चेकिंग के दौरान महत्वपूर्ण बैरियर प्वाइंट्स पर एल्कोमीटर के साथ ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी भी नियुक्त किए जाएंगे, जो ड्रंक ड्राइविंग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी अंतरराज्यीय बैरियरो पर कर्मचारियों को सशस्त्र नियुक्त करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

