हादसा: एक्टिवा और मोटरसाईकिल में जबरदस्त टक्कर, हादसे में घायल युवक की अस्पताल में मौत
देहरादून। सड़क हादसे में मोटरसाईकिल की टक्कर से एक्टिवा सवार की मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सलान गांव निवासी विवेक मंमगाई ने राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसका भाई सुनील तथा माता श्रीमती दयावती अपनी होन्डा एक्टिवा स्कूटर से अपने चाचा के घर गल्जवाडी से गुनियाल गांव होते हुए अपने घर वापस आ रहे थे। स्कूटर उसका भाई सुनील चला रहा था तथा माता उसके पीछे बैठी थी। जैसे ही भरणादेवी मन्दिर से 50 मीटर सलान गांव की ओर समय लगभग डेढ बजे दिन के पहुंचे, तभी सामने से एक मोटर साईकिल का चालक ने अपनी मोटर साईकिल को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए उसके भाई के स्कूटर में जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से स्कूटर सामने से बीच में टूट गया और उसका भाई एवं माता को गम्भीर चोटें आयीं। आसपास के दुकानदारों एवं आने जाने वालो ने उसके भाई एवं माता को मैक्स अस्पताल में भर्ती करा दिया जहां पर डॉक्टरों ने उसके भाई को आईसीयू में और माता को इमरजेन्सी में भर्ती कर दिया। परिवार के लोग भाई और माता की गम्भीर चोटों के इलाज में लगे रहे लेकिन उसके भाई सुनील की इस दुर्घटना में आयी चोटों के कारण 28 अक्टूबर को शाम के समय अस्पताल में ही मुत्यु हो गयी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

