दुखद: पिथौरागढ़ में काली नदी में गिरी जीप, छह लोगों की मौत की सूचना
पिथौरागढ़। जनपद में धारचुला-लिपुलेख मार्ग पर लखनपुर के पास एक जीप पांच सौ मीटर नीचे काली नदी में गिर गयी। इस हादसे में जीप में सवार छह लोगों की मौत की सूचना है। बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान नहीं चलाया जा सका।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ के लखनपुर के पास मंगलवार को दोपहर के समय यात्रियों की एक जीप काली नदी में गिर गयी। जीप में छह लोग सवार थे जिनमें से चार बंगलुरू के और दो स्थानीय लोग थे। बोलोरो में सवार सभी यात्री आदि कैलाश के दर्शन कर लौट रहे थे। बताया जा रहा है बारिश और पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं चलाया जा सका। जिसके चलते रेस्क्यू अभियान सुबह तक के लिए टाल दिया गया है। जिस स्थान पर हादसा हुआ है वहां बेहद चट्टानी है जिसके चलते किसी के भी बचने की संभावना बेहद कम है।
आईटीबीपी से पुलिस को मिली सूची के अनुसार गाड़ी में आदि कैलाश यात्री बैंगलुरू निवासी सत्यवर्धा परीधा, नीलापा आनंद, मनीष मिश्रा और प्रज्ञा वारसम्या सवार थे जबकि जीप में सवार हिमांशु कुमार और वीरेंद्र कुमार स्थानीय हैं।

