शिकंजा: जम्मू और उत्तराखंड पुलिस ने पकड़े नार्को आतंंकी मॉड्यूल के दो अपराधी
देहरादून। नार्को आतंकी मॉड्यूल के उत्तराखंड कनेक्शन का खुलासा करते हुए एसटीएफ व जम्मू’कश्मीर पुलिस द्वारा ज्वाइंट आपेरशन कर दो अपराधियों को उधम सिंह नगर से गिरफ्तार कर लिया गया है। जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा पकड़ी गयी करोड़ों रूपये की कोकीन तस्करी में संलिप्त अपराधियों के नेटवर्क में शामिल इन दोनों बदमाशों से भारी मात्रा में नकली कागजात, मोहरें व उपकरण भी बरामद किये गये हैं।
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल द्वारा इस पूरे आपरेशन की जानकारी देते हुए बताया गया कि विगत माह 30 सितम्बर को जम्मू—कश्मीर पुलिस द्वारा दो आरोपियों को रामबन जिले से गिरफ्तार कर कई करोड़ों रूपये की 34 किलोग्राम कोकीन (हेरोइन) बरामद की गई थी। जिसके साथ ही एक नार्कों,— आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया था, आरोपियों द्वारा बरामद की गयी कोकीन उत्तरी कश्मीर से पंजाब लायी जा रही थी।
शुरूवाती जांच में जम्मू—कश्मीर पुलिस को जानकारी हुई कि बरामद कोकीन सीमा पार से लायी गई थी और पकड़े गये तस्करों द्वारा नाकों पर चैकिंग से बचने के लिये फर्जी कागजात व फर्जी नम्बर प्लेटों का इस्तेमाल किया था। जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये तस्कर के पंजाब स्थित मकान से 38 फर्जी नम्बर प्लेटें, कई फर्जी पंजीकरण प्रमाण पत्र, नकली पासपोर्ट नकद 5ः30 करोड़ रुपये तथा 1 रिवाल्वर बरामद किये गये थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि ये फर्जी कागजात व नम्बर प्लेटें जनपद ऊधमसिंह नगर उत्तराखण्ड में बनाये गये हैं।
एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि जम्मू—कश्मीर पुलिस द्वारा इस इनपुट को उत्तराखण्ड एसटीएफ से साझा किया गया था, जिस पर एसटीएफ कुमाऊं रेज द्वारा इसकी गहन जांच की गई। साथ ही इन अपराधियों को चिन्हित कर इन्हें पकड़ने के लिये जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ एक ज्वांइट ऑप्रेशन जनपद उधम सिंह नगर में चलाया गया। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से भारी मात्रा में फर्जी कागजात, मोहरें, उनको बनाने के उपकरणों की बरामदगी हुई हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे दोनों पिछले काफी समय से जम्मू कश्मीर में पकड़े गये आरोपियो के सम्पर्क में थे तथा इस धन्धे में कई वर्षों से लगे हुये हैं।
दोनों आरोपियों को देर रात्रि जम्मू—कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम कृष्ण पाल पुत्र हरदयाल, निवासी पैपुरा, तहसील बिलासपुर, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश व दीपचंद पुत्र गेंदन लाल, निवासी पैपुरा, तहसील बिलासपुर, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश बताए जा रहे हैं।

