दर्दनाक: घर के गेट पर खड़े विक्रम सिंह डसीला के लिए यमदूत बना आवारा सांड, सींगों से पटककर ले ली जान

दर्दनाक: घर के गेट पर खड़े विक्रम सिंह डसीला के लिए यमदूत बना आवारा सांड, सींगों से पटककर ले ली जान
Spread the love

 

मृतक शख्स की हालत देख कर दहशत में डूबे लोग

हल्द्वानी। शहर में आवारा जानवरों का आतंक दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। आवारा जानवर लोगों की जान ले रहे हैं, लेकिन हल्द्वानी नगर निगम आंखें बंद किये हुए है। इसका नतीजा है कि आवारा सांड ने एक और व्यक्ति की जान ले ली। ऐसे में आवारा जानवरों को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है।
मुखानी थाना क्षेत्र के शिवालिक विहार में रहने वाले 39 वर्षीय विक्रम सिंह डसीला अपना छोटा मोटा कारोबार करते थे। उनके बेटा और बेटी पढ़ाई करते हैं। बताया जा रहा है कि विक्रम सिंह डसीला घर के बाहर गेट पर खड़े थे और उनका मुंह अपने मकान की ओर था। उसी दौरान पीछे से अचानक एक आवारा सांड आया और उन्हें सींगों से हवा में उछाल कर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। आनन-फानन में परिजन उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर गए, जहां सिर की नस फटने और हड्डी टूटने से अधिक खून बह जाने के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
लोगों का कहना है कि आवारा जानवरों के आतंक का खामियाजा स्थानीय लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है। आवारा जानवरों के आतंक से लोग परेशान हैं। आए दिन आवारा जानवर लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे लोग घायल भी हो रहे हैं। लेकिन हल्द्वानी नगर निगम और जिला प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। स्थानीय निवासी एडवोकेट मोहन सिंह बिष्ट का कहना है कि कुछ दिन पहले एक आवारा सांड ने उनके ऊपर भी हमला किया था। हाल में ही हल्द्वानी कोतवाली के बाहर दो सांड आपस में लड़ने लगे, लड़ाई के बीच उन्होंने स्कूटी सवार दो लोगों समेत कई लोगों को घायल कर दिया था। भिड़ंत कई देर तक चलती रही, जिससे नैनीताल रोड पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सांडों को खदेड़ा था और बड़ी दुर्घटना होने से बचा ली थी।

Parvatanchal