शातिर: आर्मी रूल बताकर अनजान शख्स ने बस स्वामी से ठग लिये 79 हजार रुपए
रुद्रपुर। खुद को आर्मी ऑफीसर बताकर एक व्यक्ति ने बस स्वामी से करीब 79 हजार रुपये ठग लिये। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुभाष कालोनी निवासी शाहबाज हुसैन पुत्र इरशाद हुसैन ने पुलिस को बताया कि 27 जून को उसकेे मोबाइल पर एक काॅल आई,जिसमें काॅल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम गौरव और स्वयं को आर्मी ऑफिसर बताया।
कहा कि चीनी मिल से देहरादून आज ही जाना है तुम अपनी बस लेकर तेल मिल के पास आ जाओ। हम लोग यहीं रोड पर खड़े मिल जायेंगे। बताया कि वह अपनी 42 सीटर बस संख्या यूके 06 पीए 0190 को लेकर काशीपुर रोड पर तेल मिल के पास पहुंचा। वहाँ पर काॅल करने वाला व्यत्ति नहीं मिला। उसने मोबाइल से ही बात की। जब उनसे बस की बुकिंग राशि अठारह हजार रुपये एडवान्स माँगी तो काल करने वाले व्यत्ति ने कहा कि आर्मी में नियम है कि पहले आप बस की बुकिंग राशि हमारे खाते में ऑन लाइन जमा कराओ तो बुकिंग ड्यूटी समाप्त होने पर वापिसी में बुकिंग राशि एवं आपके द्वारा जमा राशि एक साथ वापिस कर देंगे। पीड़ित के मुताबिक उनकी बातों पर भरोसा करते हुये उसने उपलब्ध कराये गये मोबाइल पर 17999 रुपये स्केनर के जरिये ट्रान्सफर कर दिये तो मोबाइल फोन करने वाले ने कहा कि आपका ट्रान्जेक्शन लेट हुआ है जिस कारण यह राशि हमारे हेड आफिस में एक्सेप्ट नहीं हुई है। दोबारा इतनी धनराशि ट्रान्सफर करो। दोबारा पुनः उनकी बातों पर भरोसा करते हुये 17,999 रुपये मोबाइल स्केनर के जरिये ट्रान्सफर कर दिये। इस बार भी उक्त कथित आर्मी अधिकारी ने पुन: पहले वाली बात दोहराई। इस तरह उक्त कथित आर्मी मेन ने 17,999 रुपये को 3 बार तथा अन्तिम बार 24,999 रुपये ट्रान्सफर कराया। उससे 78997 रुपये उक्त आर्मी अधिकारी को स्केनर के जरिये ट्रान्सफर कर दिये। उसके बाद न तो उक्त आर्मी अधिकारी का फोन आया और न ही कोई गार्ड आया। कथित आर्मी अधिकारी ने उसके साथ ठगी एवं धोखाधड़ी करके बस बुकिंग के नाम पर 78,997 रुपये ठग लिये। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

