दुखद: ऋषिकेश-निम बीच के पास गंगा नदी में बहा युवक, शव बरामद
देहरादून। ऋषिकेश-निम बीच के पास गंगा में नहाते समय पैर फिसलने से एक युवक डूब गया। काफी खोजबीन के बाद sdrf ने उसका शव बरामद कर लिया।
आज पुलिस चौकी तपोवन से SDRF टीम को सूचना मिली कि ऋषिकेश निम बीच के पास एक युवक गंगा नदी में बहकर लापता हो गया है। सूचना मिलने पर SDRF टीम मुख्य आरक्षी किशोर कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे।

SDRF टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए निम बीच के पास गंगा नदी में सर्चिंग अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीम द्वारा संभावित स्थानों पर डीप डाइविंग के माध्यम से भी लगातार गहन सर्च किया गया।
मुख्य आरक्षी किशोर कुमार द्वारा गंगा नदी में डीप डाइविंग करते हुए लगभग 15 फ़ीट की गहराई में युवक शिवम का शव को ढूंढा व नदी से बाहर निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया।
बता दें कि शिवम (24) पुत्र मंजय निवासी उत्तमनगर दिल्ली अपने अन्य दोस्तों के साथ दिल्ली से ऋषिकेश घूमने आया हुआ था। यहां राफ्टिंग करने के बाद गंगा नदी में स्नान करते समय पैर फिसलने के कारण अनियंत्रित होकर गंगा नदी में बह गया। जिससे उसकी मौत हो गई।

