दुस्साहस: रायवाला में बस खड़ी मिली तो उड़ा ले गया शातिर, सहसपुर ले जाते समय चढ़ गया पुलिस के हत्थे

दुस्साहस: रायवाला में बस खड़ी मिली तो उड़ा ले गया शातिर, सहसपुर ले जाते समय चढ़ गया पुलिस के हत्थे
Spread the love

 

देहरादून। बस चोरी मामले का मात्र कुछ घंटो में ही खुलासा करते हुए पुलिस ने चोरी की गयी बस सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने परिचित के पासं चुरायी गयी बस छिपाने की फिराक में था।
जानकारी के अनुसार, बीते रोज सुबह पांच बजे रविन्द्र सिंह मान, निवासी 38- मान निवास श्रीरामनगर कालोनी, ज्वालापुर हरिद्वार द्वारा थाना रायवाला में तहरीर देकर बताया गया था कि उनकी बस रायवाला में रेलवे स्टेशन के पीछे सर्विस लेन पर रात 10 बजे खडी की गयी थी, जिसे रात में ही किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर बस चुराने वाले की तलाश शुरू कर दी । बस चोरी के मामले को देखते हुए आलाधिकारियों द्वारा इसके खुलासे हेतु एसओजी देहात एव रायवाला पुलिस की टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद घटना के 24 घंटे के अन्दर स्वारना पुल पार, बड़ा रामपुर, सहसपुर से चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी विनोद कुमार वर्मा पुत्र रामपाल वर्मा, निवासी ग्राम रघुवापुर तहसील तिलहर जिला शाहजहांपुर उ.प्र, को चुरायी गयी बस सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी विनोद कुमार द्वारा पूछताछ में बताया गया कि वह मूल रूप से शाहजहाँपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है तथा ड्राइवरी का कार्य करता है। उसने बताया कि 24 सितम्बर की रात हरिद्वार की ओर से आते समय उसे रायवाला रेलवे स्टेशन के पीछे सर्विस लेन में एक बस खड़ी दिखाई दी, जिसे उसने मास्टर की से स्टार्ट कर चोरी कर लिया। पुलिस से बचने के लिये उस बस को सहसपुर में अपने गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति के पास छिपाने के उद्देश्य से ले जा रहा था, लेकिन उससे पूर्व ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Parvatanchal