मर्डर अपडेट: शादी का दबाव बनाने पर मारी गयी नेपाली युवती, आरोपी लेफ्टि. कर्नल रामेंदु उपाध्याय गिरफ्तार

मर्डर अपडेट: शादी का दबाव बनाने पर मारी गयी नेपाली युवती, आरोपी लेफ्टि. कर्नल रामेंदु उपाध्याय गिरफ्तार
Spread the love

 

हथौड़े के वार से किया था प्रेमिका श्रेया शर्मा का कत्ल

रायपुर पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

देहरादून। रायपुर पुलिस ने महिला के ब्लाइंड मर्डर मामले का खुलासा करते हुए क्लेमनटाउन आर्मी में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल रामेन्दू उपाध्याय पुत्र वाल्मिकी उपाध्याय को प्रेमनगर पंडितवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। रामेन्दू उपाध्याय ने प्रेम प्रसंग के दौरान शादी का दबाव बनाने के कारण अपनी नेपाल निवासी प्रेमिका की हथौड़े से निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उपमहानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुवंर ने बताया कि ग्राम प्रधान सोडा सरोली प्रवेश कुमेड़ी ने थानाध्यक्ष रायपुर को सूचना दी थी कि सिरवाल गढ़ में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पडा है। इस सूचना पर थानाध्यक्ष रायपुर मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की सहायता से साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गयी। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर महिला के माथे व सर पर गम्भीर चोटों का होना पाया गया। पास ही में एक टायलेट क्लीनर की बोतल पड़ी हुई मिली। आस-पास कोई सीसीटीवी कैमरा का होना नहीं पाया गया। पुलिस ने मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर घटनास्थल पर फेंके जाने पर चौकी प्रभारी मालदेवता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष रायपुर के नेतृत्व में चार टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों में से प्रथम टीम द्वारा घटनास्थल के आस-पास रहने वाले व्यक्तियों से गहनता से पूछताछ की गयी। द्धितीय टीम द्वारा घटनास्थल को आने व जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चैक किया गया। तृतीय पुलिस टीम द्वारा मृतका की पहनी जुडियो ब्रांड की ड्रेस, जो नई प्रतीत हो रही थी की जानकारी के लिए जुडियो ब्रांड के शोरूम जाखन व किशननगर चौक जाकर जानकारी प्राप्त की गयी। चतुर्थ टीम द्वारा मृतिका की शिनाख्त के लिए आवश्यक कार्रवाई की गयी। पुलिस टीम ने जुडियो ब्रांड के शोरूम जाखन व किशननगर से जानकारी हासिल की तो पाया गया कि दोनों शोरूम से उक्त आर्टिकल की 8 ड्रेस विक्रय हुई हैं, जिनके सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी । घटनास्थल से लगभग 300 मीटर की दूरी पर ग्रामीण का आवास होना पाये जाने पर स्पष्ट हुआ कि घटना रात्रि में हुई है। घटनास्थल के आस-पास के लोगों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली की रात्रि में अंतिम बार 11.00 बजे लगभग ग्रामीण की गाड़ी अन्दर आयी थी। तब तक घटना का होना प्रकाश में नहीं आया। पुलिस टीम द्वारा रात्रि 11.00 बजे से प्रातः 04.00 बजे तक महाराणा प्रताप चौक से थानो की ओर जाने वाले व थानो चौक से महाराणा प्रताप चौक की ओर आने वाले लगभग 240 वाहनों को चैक किया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार चैक किये गये वाहनों के आने-जाने के समय की तुलना करने पर 18 वाहनों के समय में संदिग्धता पायी गयी। 18 चौपहिया वाहनों के कड़ी मेहनत के पश्चात नम्बर व वाहन स्वामियों के पते प्राप्त किये गये तथा उनके पते तस्दीक किये गये। वाहन स्वामियों के नम्बर प्राप्त किये गये। उक्त पतों को तस्दीक करते हुए वाहन संख्या यूके-07-डीएक्स-5881 नंबर का वाहन स्वामी रामेन्दू उपाध्याय पुत्र वाल्मिकी उपाध्याय, निवासी प्रेमनगर पंडितवाड़ी, देहरादून के नाम होना पाया गया, जिसकी जानकारी पता करने पर घटना के दौरान वाहन स्वामी का मोबाइल फोन स्विच आफ होना पाया गया तथा घटना के दौरान महाराणा प्रताप चौक से थानो चौक तक पहुंचने में लिये गये समय में लगभग 42 मिनट के अतिरिक्त समय का होना पाया गया। इस पर पुलिस टीम द्वारा सोमवार को प्रातः वाहन स्वामी रामेन्दू उपाध्याय को उसके घर प्रेमनगर पंडितवाड़ी के पास से हिरासत में ले कर पूछताछ की गयी तो रामेन्दू उपाध्याय ने हत्या की बात को कबूल कर लिया गया।

हथौड़े से पीट-पीटकर की हत्या

रामेन्दू उपाध्याय ने बताया कि वह आर्मी में क्लेमेंटटाउन देहरादून में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात है। उसकी पोस्टिंग कुछ समय पहले सिलिगुड़ी पश्चिम बंगाल से देहरादून में हुई थी। वह वर्ष 2010 में डिपार्टमेंटल कमीशन के रूप में लेफ्टिनेंट बन गया था। उसका घर पंडितवाड़ी में है। वर्ष 2020 जनवरी में उसकी मुलाकात नेपाली मूल की एक लड़की श्रेया शर्मा से डांस बार सिटी सेंटर मॉल सिलीगुड़ी पंश्चिम बंगाल में हुई थी। जहां पर उसे श्रेया शर्मा बहुत पसंद आ गई। पहले उसकी मुलाकात श्रेया से दोस्ती के नाते हुई। उसके बाद दोनों के आपसी रिलेशन बन गए। वे दोनों सिलीगुड़ी में पति-पत्नी की तरह रहते थे और वह श्रेया के सारे खर्चे उठाता था। जब उसकी पोस्टिंग देहरादून जिले में हुई तो वह श्रेया को भी अपने साथ देहरादून ले आया। इसकी जानकारी उसकी पत्नी को हुई तो उसने श्रेया को कुछ दिन होटल में रखने के बाद वापस सिलिगुड़ी भेज दिया । कुछ दिन बाद उसने दुबारा उसे देहरादून बुला लिया और कुछ दिन होटल में रखने के बाद क्लेमनटाउन में एक फ्लैट किराये पर लेकर उसे वहां रख दिया । कुछ दिन सही रहने के बाद श्रेया उस पर लगातार अपनी पत्नी का दर्जा देने का दबाब बनाने लगी। घटना वाले दिन वह श्रेया को घुमाने के बहाने पहले राजपुर रोड पर ले गया और उसे शराब पिलाई। उसके बाद वह शादी करने की जिद पर वह उसके साथ गाली गलौज करने लगी तो वह उसे लाॅंग ड्राइव के बहाने थानो रोड पर ले गया। वहां एकांत स्थान पर उसने अचानक मृतका के सर के पीछे हथौड़े से वार कर दिया और फिर लगातार वार करता चला गया। जब वह मर गई तो गाड़ी को थोड़ा और आगे ले गया। वहां गाड़ी का रास्ता खत्म हो गया तो वह गाड़ी को बैक कर के वापस लौट आया। उसके बाद उसने जगह मिलने पर मृतका की लाश को मेन रोड किनारे फेंक दिया और घर लौट आया।

Parvatanchal