जायजा: जिला अस्पताल की इमरजेंसी में फैली अव्यवस्था पर स्वास्थ्य सचिव नाराज
देहरादून। राजधानी में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हालात यह है कि अस्पतालों में बने डेंगू वार्ड भी फुल हो रखे हैं।
डेंगू से पूरा देहरादून परेशान है। वहीं लगातार बढ़ रहे डेंगू के मरीजों की संख्या को देखते हुए शासन तो सख्त दिखाई दे रहा है लेकिन नगर निगम का रवैया ढीला ही है। डेंगू पर लगाम लगाना आसान नजर नहीं आ रहा है।
इसी बीच स्वास्थ सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने आज जिला अस्पताल कोरोनेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल की इमरजेंसी के हालात को लेकर नाराजगी व्यक्त की।
इसके साथ ही निरीक्षण पर पहुंचे सचिव स्वास्थ्य ने सेंट्रल पैथोलॉजी का निरीक्षण करना चाहा तो लैब का भी ताला बंद मिला, जिसके बाद सचिव स्वास्थ्य का पारा और ज्यादा चढ़ गया।
उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि पैथोलॉजी लैब का बंद होना सही नहीं है। लिहाजा पैथोलॉजी लैब को भी व्यवस्थित तरीके से खुलना और बंद होना चाहिए।
