ब्रेकिंग न्यूज: युवक-युवती को टक्कर मारने के बाद पलट गयी तेज रफ्तार स्कार्पियो, हादसे में एक की मौत, पांच घायल
देहरादून। देर रात न्यू कैंट रोड हाथीबड़कला में सर्वे गेट के समीप तिराहे पर तेज रफ्तार स्कार्पियो सड़क किनारे चल रहे दो लोगों को टक्कर मारने के बाद पलट गयी। इस हादसे में एक कार सवार की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य गंभीर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में युवती की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात पौने बारह बजे के लगभग तेजी और लापरवाही से स्कॉर्पियो वाहन नंबर-यूके 07 एके-1690 ने हाथीबड़कला सर्वे गेट के निकट पैदल चल रही लड़की वह उसके सहपाठी को जोरदार टक्कर मार दी। उसके बाद स्काॅर्पियों गाड़ी मौके पर रखे कूड़ेदान से टकराकर पलट गई, जिसमें स्कार्पियो चालक सहित चार व्यक्ति सवार थे। इस घटना में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही अन्य लोगों को भी काफी चोटें आई हैं। इस हादसे में सड़क पर पैदल चल रही लड़की और उसके सहपाठी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। लड़की अचेत अवस्था में है, जिसे दून अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों द्वारा मैक्स अस्पताल ले जाया गया है। लड़की के सहपाठी आकाश को उसके पिता अपने साथ किसी प्राइवेट अस्पताल में ले गए हैं। स्कार्पियो सवार चारों घायल व्यक्तियों को कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचाया गया। उपचार के पश्चात चालक को दून अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। शेष का कोरोनेशन अस्पताल में उपचार चल रहा है। गाड़ी को कोतवाली पर दाखिल किया गया है। घायलों की पहचान हर्ष गुप्ता पुत्र परमहंस गुप्ता, निवासी हाउस नंबर 110 एमडीडीए कॉलोनी, चंदर रोड डालनवाला, चालक अनुराग यादव, निवासी चूना भट्टा यादव ट्रेडर्स रायपुर देहरादून, अक्षय सिंह पुत्र बालक राम निवासी चंदर रोड डालनवाला देहरादून, रोशनी बक्शी पुत्री कर्नल बक्शी, आकाश, रोशनी के पड़ोसी के रूप में हुई जबकि मृतक की पहचान अभिषेक राजपूत पुत्र राकेश बाबू ,निवासी एमडीडीए कॉलोनी, डालनवाला देहरादून के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार स्कार्पियो को कब्जे में ले लिया गया है।

