अग्निकांड: यहां मुख्य बाजार में लग गई भीषण आग, दो दुकानों में रखा लाखों का सामान जलकर खाक
उत्तरकाशी। देर रात नगर के मुख्य बाजार की दुकानों में भीषण आग लगने से हर तरफ अफ़रा-तफ़री मच गयी। आनन-फानन में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस व फायर सर्विस के जवानों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दो दुकानों में लाखों का सामान जलकर स्वाहा हो गया था। उत्तरकाशी के मुख्य बाजार में आग लगने की यह घटना कल देर रात तब हुई जब बाजार बंद हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस व फायर सर्विस की टीम तुरन्त मौके पर पहुंचीं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग को काबू करने में स्थानीय लोगों द्वारा भी सहयोग किया गया। पुलिस व फायर सर्विस की त्वरित कार्यवाही से आग आस-पास की दुकानों में फैलने से बच गयी। इस भीषण आग से व्यापारी मानवेन्द्र सिंह मटूड़ा व हितेंद्र सिंह मटूड़ा की दुकान में लाखों रुपये कीमत के मोबाइल्स व अन्य सामान जलकर नष्ट हो गये हैं। हालांकि इस अग्नि से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। संभवतः आग शार्ट सर्किट से लगना बताया जा रहा है।

