बड़ी खबर: रजिस्ट्रार दफ्तर में दस्तावेज़ों में हेर-फेर कर ज़मीनों की खरीद-फरोख्त करने के आरोप में प्रतिष्ठित वकील गिरफ़्तार
देहरादून। रजिस्ट्रार आफिस में अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ कर जमीनों की खरीद फरोख्त मामले में एक और वकील की गिरफ्तारी से यहां सनसनी फ़ैल गई है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने शहर के एक वरिष्ठ वकील कमल विरमानी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है।
सरकार की छवि को प्रभावित करने वाले इस मामले में
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर रुख अपनाया था। उनके निर्देश पर इस मामले की जांच करने और गुनहगारों की धर पकड़ के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। जांच टीम ने शनिवार की देर रात कमल विरमानी को गिरफ्तार कर लिया। इससे पूर्व जमीनों की धोखाधड़ी में पुलिस द्वारा देहरादून के वकील इमरान सहित नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, उनमें वकील कमल विरमानी का मुंशी भी शामिल है। उसकी गिरफ्तारी के बाद से ही विरमानी पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी। हालांकि अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए वकील कमल विरमानी ने कोर्ट में सरेंडर की अर्जी भी लगाई थी। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कमल विरमानी को गिरफ्तार कर लिया।
शहर के वरिष्ठ वकील कमल विरमानी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस राजधानी में करोड़ों रुपए की जमीनों की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस कुछ अन्य सफेदपोशों की भूमिका की जांच में जुट गई है। संभावना जताई जा रही है कि इस बहुचर्चित घोटाले में अभी कुछ और रसूखदारों को सलाखों के पीछे जाना पड़ सकता है।

