शिकंजा: पुलिस ने दबोचे 3 नशा तस्कर, यूपी से आ रहे थे स्मैक की डिलीवरी करने
लाखों की स्मैक बरामद, दो बाईकों पर थे सवार
रूद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने यूपी बार्डर पर चैकिंग के दौरान दो बाईकों पर सवार तीन नशा तस्करों को लाखों रूपये की अवैध स्मैक समेत दबोच लिया। पुलिस को नशा तस्कर यूपी से स्मैक की डिलीवरी करने की सूचना थी। शुक्रवार की रात एसएसआई अर्जुन गिरी गोस्वामी साथी पुलिस कर्मी अमित, विशाल रावत, हेम फुलारा व हयात सिंह के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि रामपुर की ओर से दो बाईकों पर नशे के तीन सौदागर स्मैक लेकर आ रहे हैं। पुलिस बार्डर पर पहुंची, तभी तीन लोग आते दिखाई दिये। पुलिस के अनुसार, दोनों बाईक सवार पुलिस को देख भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि तीनों ने पूछताछ में अपना नाम पता बिहारी लाल, निवासी ऐरो, थाना खजुरिया, जिला रामपुर, गंगा राम, निवासी हजीरा थाना मिलक खानम, जिला रामपुर हाल निवासी वार्ड 24 ईमली मौहल्ला रम्पुरा, रुद्रपुर तथा आकाश निवासी चोरासी घंटा मन्दिर के पास रम्पुरा बताया। तीनों के पास स्मैक होने की जानकारी थी। सूचना पर सीओ सिटी अनुषा बडोला पहुंची। उनकी मौजूदगी में तलाशी ली गई। पुलिस ने बिहारीलाल के पास से 15-20 ग्राम, गंगाराम के पास से 7-98 ग्राम तथा आकाश के पास से 6-38 ग्राम स्मैक बरामद की। कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करने के बाद बरामद स्मैक कब्जे में ली और मुकदमा दर्ज किया। दोनों बाईकें सीज कर दी । जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। कोतवाल का कहना था कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

