दुस्साहस: युवक पर जानलेवा करने वाले तीन दबंग गिरफ्तार, हमले में प्रयुक्त तलवार बरामद

दुस्साहस: युवक पर जानलेवा करने वाले तीन दबंग गिरफ्तार, हमले में प्रयुक्त तलवार बरामद
Spread the love

 

रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस ने युवक पर तलवार से हमला करने वाले तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली। पुलिस जेल भेजने की कार्रवाई कर रही। सीओ सिटी अनुषा बडोला ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 8 अगस्त 2023 की रात ऋषभ गुप्ता पुत्र अनिल गुप्ता, निवासी घास मंडी, रुद्रपुर पर रम्पुरा निवासी गोविंद शर्मा, कुंदन कोली तथा घास मंडी निवासी सोनू उर्फ सम्मी ने एक राय होकर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में ऋषभ गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में पीड़ित के पिता की ओर से हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गयी। उन्होंने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी को पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। घटना स्थल के अलावा जगह-जगह लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गये। सीओ ने बताया कि टीम में शामिल कोतवाल विक्रम राठौर के नेतृत्व टीम ने घटना को अंजाम देने वाले तीनों को संपतपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। कुंदन कोली की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भूरारानी स्थित एक खाली प्लॉट से बरामद की गयी है। सीओ के मुताबिक पूछताछ में हमलावरों ने बताया कि ऋषभ गोविंद शर्मा की पत्नी को आते जाते टोंट मारता है तथा परेशान करता है। घटना के दिन ऋषभ घास मंडी में मोमो वाली ठेली पर दिखाई दिया तो इनकी आपस में गाली गलौज और धक्का.मुक्की हो गई। इसके बाद तीनों रम्पुरा गए और वहां से तलवार लेकर आए। ऋषभ गुप्ता पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। गिरफ्तार हमलावरों में गोविंद शर्मा, निवासी कटोरी मंदिर के पास रम्पुरा, कुंदन कोली निवासी निकट रूद्र आश्रम, शिव मंदिर वार्ड नंबर 23 रम्पुरा तथा सोनू  उर्फ सम्मी निवासी घासमंडी रुद्रपुर, जिला उधमसिंहनगर  (38 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस टीम में कोतवाल के अलावा चौकी प्रभारी आदर्श कालोनी महेश चंद्र कांडपाल, एसआई अशोक सिंह फर्त्याल, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, महेश पंचपाल व महिला कांस्टेबल ममता आर्या आदि शामिल थे।

 

Parvatanchal