दबंगई: युवकों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारी के साथ की मारपीट, तेल भरवाने को लेकर हो गई थी कहासुनी
रामनगर। भवानीगंज स्थित पेट्रोल पंप पर एक बाइक पर चार युवक बाइक में तेल डलवाने पहुंचे। इसी बीच पेट्रोल पंप कर्मी से उनकी पहले बाइक में तेल डालने को लेकर बहस हो गई। आरोपियों ने मौके पर पेट्रोल पंप कर्मी से मारपीट करना शुरू कर दिया।
भवानीगंज स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात पेट्रोल भरवाने को लेकर चार युवकों ने पहले पेट्रोल पंप कर्मी से मारपीट की। फिर बीच बचाव करने आए एक व्यापारी के सिर पर चाकू मार दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया था, जबकि एक अन्य आरोपी को सुबह गिरफ्तार किया। चौथे की तलाश की जा रही है। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि रात करीब 11.45 बजे भवानीगंज स्थित ओंकार नाथ पेट्रोल पंप पर एक बाइक पर चार युवक बाइक में तेल डलवाने पहुंचे। इसी बीच पेट्रोल पंप कर्मी शुभम से उनकी पहले बाइक में तेल डलवाने को लेकर बहस हो गई। दोनों पक्षों में तकरार बढ़ी तो आरोपियों ने पेट्रोल पंप कर्मी से मारपीट शुरू कर दी। पेट्रोल पंप कर्मी भागते हुए पंप के सामने चाय की दुकान में पहुंचा।श तो बीच बचाव में आए चाय वाले जैद के सिर पर आरोपियों ने चाकू मार दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए थे। कोतवाल ने बताया कि सुबह के समय एक अन्य आरोपी को और पकड़ लिया गया है, जबकि चौथा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों में हिमांशु निवासी बसंत बिहार चोरपानी, अंकित निवासी लूटाबड, लकी निवासी बम्बाघेर शामिल हैं।

