मौसम अलर्ट: उत्तराखंड में जारी रहेगा भारी बारिश का दौर, चेतावनी रेखा को पार कर चुका है गंगा का जलस्तर

मौसम अलर्ट: उत्तराखंड में जारी रहेगा भारी बारिश का दौर, चेतावनी रेखा को पार कर चुका है गंगा का जलस्तर
Spread the love

 

संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की संभावना, अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह

हरिद्वार। भारी बारिश के अलर्ट के बीच हरिद्वार में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा को पार कर चुका है। दोपहर दो बजे भीमगोड़ा बैराज पर दर्ज किए गए गंगा के जलस्तर के रिकॉर्ड में गंगा 293.40 मीटर बहती हुई नजर आई। जबकि गंगा का चेतावनी रेखा निशान 293 मीटर है।
इससे पता चलता है कि गंगा चेतावनी रेखा से 40 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। वहीं, गंगा खतरे के निशान 294 मीटर के निकट भी पहुंच चुकी है। जिला प्रशासन की ओर से तटीय इलाके के लोगों को गंगा का जलस्तर बढ़ने पर अलर्ट कर दिया गया है।
उत्तराखंड के पांच जिलों में आज भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि, हरिद्वार, टिहरी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले के कई इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।


मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके चलते संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो सकते हैं। उन्होेंने अनावश्यक यात्रा न करने की भी सलाह दी।

Parvatanchal