शर्मनाक: जमीन के लालच में भाई ने कर डाला सगे भाई का कत्ल, आरोपी गिरफ्तार

शर्मनाक: जमीन के लालच में भाई ने कर डाला सगे भाई का कत्ल, आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

एक वर्ष पूर्व इसी जमीन के लिए अपनी मां को भी  मार डाला था आरोपी ने

उधमसिंहनगर। जमीन के लालच में आकर भाई ने ही अपने सगे भाई को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्यारे भाई को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू व खून सनी पैंट को बरामद किया है। आरोपी ने एक वर्ष पूर्व इसी जमीन के लालच के चलते अपनी मां की भी हत्या कर दी थी। अब वह अपने पिता को भी मारने की फिराक में था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि बीती एक अगस्त की रात थाना पुलभट्टा पुलिस को सूचना मिली थी कि पुलभटृा फ्लाई ओवर पर केवल अंडरवियर पहने हुए किसी व्यक्ति का रक्त रंजित शव पड़ा हुआ है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास किये तो वह कामयाब नहीं हुई। उसके बाद उक्त हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया। हत्याकांंड के खुलासे में लगी पुलिस टीमों द्वारा जब घटनास्थल के आस पास के सीसी कैमरे खंगाले गये तो पता चला कि घटनास्थल पर एक संदिग्ध ट्रक देखा गया है, जो कुछ देर वहीं खड़ा था। उसके बाद वह सितारगंज हाईवे की ओर चला गया। इस दौरान 5 अगस्त को मृतक की शिनाख्त पपेन्दर सिंह उर्फ लाडी (40) पुत्र मंजीत सिंह, निवासी ग्राम बुखारपुर, थाना नवाबगंज जिला बरेली (यूपी) के रूप में हुई । जब मृतक के परिजनों से पूछताछ की गयी तो उन्होंने बताया कि मृतक अपने भाई गुरदेव सिंह पुत्र मंजीत सिंह के साथ ट्रक क्लीनर का काम करता था तथा अपने भाई के साथ ही घर से निकला था। इसके बाद पुलिस ने मृतक पपेन्दर के भाई गुरदेव सिंह को कच्चा बाईपास काली मन्दिर के पास से गिरफ्तार कर लिया, जो कहीं बाहर भागने की फिराक में था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांव में उनकी काफी जमीन जायदाद थी, किन्तु अधिकांश जमीन बिक चुकी है। मृतक पपेन्दर सिंह उर्फ लाडी शराब पीने का आदी था। उसने आरोपी गुरदेव ने 50 हजार रुपये भी उधार लिये थे। बताया कि पपेन्दर बार—बार बची खुची  जमीन का हिस्सा मांगकर  परेशान करता था, जबकि माता पिता भी पपेन्दर का साथ देते थे। इसी कारण पिछले वर्ष उसने अपनी मां स्वर्ण कौर को भी मार डाला था, किन्तु पारिवारिक मामला होने के कारण वह बात दबा दी गयी। इसके बाद भी उसके पिता जमीन का बंटवारा नहीं कर रहे थे। इस पर आरोपी ने सबसे पहले अपने भाई पपेन्दर को और उसके बाद अपने पिता मंजीत को जान से मारकर सारी जमीन जायदाद हडपने की योजना बना ली। आरोपी ने बताया कि एक अगस्त को वह अपने भाई को लेकर ट्रक से हल्द्वानी माल उतारने आया, जहां उसे ज्यादा शराब पिलाकर उसका गला रेत दिया और उसका शव फेंक कर फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू व खुन सनी पैंट भी बरामद की है।

Parvatanchal