असर: बीमारियां भी साथ ला रही है बरसात, तेजी से बढ़ रहा आई फ्लू का प्रकोप
कोटद्वार। क्षेत्र में आई फ्लू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। कोटद्वार के चंद्रमोहन सिंह नेगी राजकीय बेस चिकित्सालय में पहुंचने वाले मरीजों में अधिकांश मरीज आई फ्लू की बीमारी से पीड़ित हैं। बीमारी की चपेट में आए मरीजों की आंखों में जलन, खुजली के साथ आंखें लाल हो रही हैं।
बरसात के मौसम में आई फ्लू तेजी से फैल रहा है। आंखों में फैलने वाले संक्रामक बीमारी से आंखों में जलन हो रही है। अधिकांश लोगों की आंखें लाल भी हो रही हैं, जिससे मरीजों को दिक्कतें हो रही हैं।
राजकीय हास्पिटल के नेत्र चिकित्सक डा. दिनेश सिंह ने बताया कि आजकल आंखों की बीमारी तेजी से फैल रही है। कहा कि यह बीमारी हर साल बरसात के मौसम में तेजी से फैलती है। यह एक संक्रामक बीमारी है, जो हाथ मिलाने व गंदगी से भी फैलती है। कहा कि आंखों की बीमारी के इस वायरस से बचने की जरूरत है।डाक्टर ने सलाह देते हुए कहा कि मरीजों को नियमित अपने हाथों को साफ पानी से धोते रहना चाहिए व भीड़भाड़ से बचने की जरूरत है। आंखों में जलन होने पर चिकित्सकों से परामर्श लेना भी जरूरी है। साथ ही उन्होंने लोगों को धूप का चश्मा पहनने की भी सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इन दिनों रोजाना सौ से अधिक मरीज हास्पिटल इलाज के लिए आ रहे हैं, जिससे पता चलता है कि आई फ्लू की बीमारी किस हद तक बढ़ती जा रही है।
