कामयाबी: पुलिस ने बाइक चुनाने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को किया गिरफ्तार, 5 बाइकें बरामद
हरिद्वार। बाइक चुराने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन शातिरों को चुरायी गयी 5 मोटरसाईकलों सहित गिरफ्तार कर लिया है।
मामला कोतवाली गंगनहर क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, बीती 10 जुलाई को प्रीतम पुत्र काशीराम, निवासी ग्राम धरमपुर इकबालपुर, थाना झबरेड़ा द्वारा उत्तराखंड पुलिस ऐप का फीचर ई-एफआईआर के माध्यम से खुद की बाइक रुड़की अस्पताल रामनगर के पास स्थित खाली प्लॉट से चोरी करने के सम्बन्ध में दर्ज करायी गयी थी। उसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बाइक चोरों की तलाश शुरू कर दी। परिणाम स्वरूप पुलिस द्वारा चैकिंग के दौरान मतलबपुर तिराहा, गंगनहर पर बिना नम्बर की बाइक को रोक कर चैक किया गया। उसमें तीन व्यक्ति शहजाद पुत्र इरशाद, निवासी ग्राम पदार्था थाना पथरी, नाजिम पुत्र जमशीद निवासी ग्राम पदार्था, थाना पथरी व शोएब उर्फ सौरभ पुत्र इसराईल, निवासी पदार्था, थाना पथरी सवार थे। पुलिस ने जब उनसे वाहन के कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि यह बाइक उन्होंने रुड़की अस्पताल रामनगर के पास एक खाली प्लॉट से चोरी की थी जिसे वह आज बेचने की फिराक में थे। बताया कि वे तीनों पथरी क्षेत्र के रहने वाले हैं और नशे के आदी हैं। अपने दैनिक खर्चों की पूर्ति के लिए दो पहिया वाहनों को चोरी करते हैं और फिर औने-पौने दामों में बेच कर अपना गुजर बसर व नशे की ज़रूरत को पूरा करते हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की 4 अन्य बाइकें भी बरामद की हैं। बहरहाल पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
