सनसनीखेज: राजधानी में महिला की हत्या कर शव को कूडे़दान के पास फैंका, दुराचार की आशंका
पुलिस ने शक के आधार पर एक को लिया हिरासत में
देहरादून। शहर में एक महिला की हत्या कर शव को कूड़ेदान के पास फेंक दिया गया। सुबह जब लोगों ने महिला की लाश को देखा तो इलाक़े में सनसनी फ़ैल गयी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया, जबकि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा हत्या से पूर्व महिला के साथ दुराचार किये जाने की भी आशंका बतायी जा रही है, हालांकि इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार प्रातः डालनवाला कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि हाथीबड़कला क्षेत्र में सुलभ शौचालय के सामने कूड़ेदान के पास एक महिला का अस्त व्यस्त अवस्था में शव पडा हुआ है। शव मिलने की सूचना मिलते ही डालनवाला कोतवाल राजेश शाह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं शक के आधार पर सुलभ शौचालय में काम करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस की जांच में आसपास के लोगों ने बताया कि मृतका विक्षिप्त थी तथा क्षेत्र में भीख मांगकर अपना गुजारा करती थी। पुलिस के अनुसार मृतका के सिर पर किसी चीज से वार कर उसकी हत्या की गयी है तथा उसके साथ दुराचार की आशंका को भी नजर अंदाज नहीं किया जा सकता है। पुलिस के अनुसार सोमवार प्रातः जब क्षेत्र के लोग घूमने के लिए निकले तो उन्होंने कूड़ेदान के पास महिला का शव पड़ा देखा, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। थोडी देर में वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। भीड़ ने ही घटना की सूचना पुलिस को दी। मृतका के सिर व शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान थे। पुलिस के अनुसार मृत्यु का कारण सिर पर चोट लगना हो सकता है। वीवीआईपी रोड पर महिला से दुराचार कर उसकी हत्या किये जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हिरासत में लिए गये युवक से सख्ती से पूछताछ की है। सूत्रों की मानें तो युवक ने हत्या किये जाने की बात को कबूल कर लिया है। लेकिन देर सायं तक डालनवाला कोतवाली पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। डालनवाला कोतवाल राजेश शाह ने सम्पर्क करने पर बताया कि मृतका की उम्र 30 से 35 साल के बीच की है तथा वह क्षेत्र में घूमती रहती थी। अभी तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि मृत्यु के कारणों व दुराचार के बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही स्पष्ट हो पायेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
