संदेहास्पद: आम बेचने गया शख्स हो गया लापता, छः दिन बाद सड़ी गली लाश मिली तो फैल गयी सनसनी
रुद्रपुर। शनिवार देर शाम को कोतवाली किच्छा की चौकी लालपुर क्षेत्र में छः दिन से लापता व्यक्ति का सड़ी गली लाश शहीद चौक के पास खेतों में मिलने पर पुलिस में हडकंप मच गया। आनन फानन में मौके पर इंस्पेक्टर धीरेन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी लालपुर सतीश चन्द्र शर्मा पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। रविवार को शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक खुरपिया निवासी 52 वर्षीय ऋषिपाल 24 जुलाई को घर से आम बेचने के लिए निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटे तो उनकी पुत्री ने किच्छा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस को शनिवार की रात लालपुर क्षेत्र शहीद चैक से गंगापुर जाने वाले मार्ग खेतों में लाश मिलने की सूचना मिली। इस पर पुलिस मौके पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक के दामाद दयाराम के मुताबिक घर पर जानवर भी रख रखे हैं। उनके लिए घास लाने के बाद फेरी यानी आम बेचने के लिए चले जाते थे। 6 दिन पहले भी वह आम बेचने के लिए गए थे। शाम तक वापस नहीं आने पर खोजबीन की। पता नहीं चलने पर पुलिस में सूचना दी। चौकी प्रभारी लालपुर सतीश चन्द्र शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही बताया जायेगा। लाश सड़ गई थी, इसीलिए शरीर पर चोट या किसी तरह के निशान नहीं दिखाई दिए। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों को खंगालेगी।
