दुखद : महिला मजदूरों के ऊपर गिर गयी मशरूम प्लांट की भारी-भरकम छत, दो महिलाओं की मौत, चार घायल

दुखद : महिला मजदूरों के ऊपर गिर गयी मशरूम प्लांट की भारी-भरकम छत, दो महिलाओं की मौत, चार घायल
Spread the love

 

हरिद्वार। यहां मशरूम प्लांट की अचानक छत गिरने से वहां कार्यरत छह महिलाएं मलबे में दब कर गम्भीर रूप से घायल हो गयीं। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकोें द्वारा दो को मृत घोषित कर दिया गया। दो की हालत गम्भीर देखते हुए उन्हें हायर सेन्टर रैफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा थाना क्षेत्र के कोटवाल गांव के पास मशरूम का प्लांट लगा हुआ है। इस प्लांट में अक्सर 25 से 30 महिलाएं काम करती हैं। सोमवार शाम को छह महिलाएं प्लांट के स्टोर में मशरूम रखवा रही थीं। इसी बीच अचानक प्लांट की छत उनके ऊपर गिर गई। छत गिरते ही पूरे प्लांट में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची अन्य महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने मलबे में दबी महिलाओं को निकालने का काम शुरू किया। वहीं मामले की सूचना मिलने पर झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से मलबा हटवाने का कार्य शुरू कर दिया। उधर दुर्घटना की सूचना जब प्लांट में काम करने वाली महिलाओं के घर वालों को मिली तो वो भी प्लांट में पहुंच गए। पुलिस ने मलबा हटाकर छह घायल महिलाओं को बाहर निकाला और झबरेड़ा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने अमृता (27) निवासी सढोली और सुदेश (38) निवासी कोटवाल आलमपुर को मृत घोषित कर दिया। रूबी निवासी सढोली और सुबलेश निवासी सढोली की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सतेंद्री और ज्योति निवासी सढोली का झबरेड़ा में ही इलाज चल रहा है।

Parvatanchal