बड़ी खबर: कब्जे को लेकर उक्रांद कार्यालय फिर हंगामा, शिवप्रसाद सेमवाल सहित एक दर्जन से अधिक लोग गिरफ्तार

बड़ी खबर: कब्जे को लेकर उक्रांद कार्यालय फिर हंगामा, शिवप्रसाद सेमवाल सहित एक दर्जन से अधिक लोग गिरफ्तार
Spread the love

 

देहरादून। कब्जे को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के केन्द्रीय कार्यालय में दूसरे भी हंगामा जारी रहा। इसके चलते दो गुट आमने-सामने आ गए, जिसे देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। हंगामे के बीच पुलिस ने शिव प्रसाद सेमवाल सहित एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस लाईन पहुंचाया।
उत्तराखंड क्रांति दल के केन्द्रीय कार्यालय पर सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया हुआ था। सुबह से ही दोनों गुटों के लोग वहां पर पहुंच गये। काशी सिंह ऐरी गुट ने शिवप्रसाद सेमवाल गुट को कार्यालय के अन्दर नहीं घुसने दिया। ऐरी गुट का कहना है कि शिव प्रसाद सेमवाल, टीएस कार्की, सुलोचना ईष्टवाल, अनुपम खत्री, राजेन्द्र पंत, संजय डोभाल आदि को पूर्व में पार्टी विरोध गतिविधियों के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। गत दिवस इन्होंने पार्टी कार्यालय में कब्जा करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। शिवप्रसाद सेमवाल गुट के लोग सुबह से ही कार्यालय के बाहर डटे रहे तथा अन्दर घुसने का प्रयास करते रहे, लेकिन उनको अन्दर नहीं घुसने दिया गया। इससे वहां पर हंगामा शुरू हो गया। दोनों तरफ से एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी होती रही, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गयी। इस दौरान पुलिस फोर्स दोनों गुटों के बीच में रहकर शांति व्यवस्था बनाने का प्रयास करती रही। दोपहर को जब मामला शांत होता दिखायी नहीं दिया तो पुलिस ने शिव प्रसाद सेमवाल सहित लगभग एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर उनको पुलिस लाईन पहुंचा दिया। जानकारों का कहना है कि पार्टी में नये नये आये कुछ लोगों का एक गुट पूर्व में मुख्यमंत्रियों का स्टिंग ऑपरेशन कर चर्चा में आए और पत्रकार से नेता बने हरिद्वार के एक निर्दलीय विधायक की यूकेडी में घुसपैठ कराने की कोशिश में लगा है लेकिन पार्टी के पुराने नेता इस मुहिम के सख्त खिलाफ हैं। यूकेडी के मौजूदा विवाद के पीछे भी यही कारण माना जा रहा है।

Parvatanchal