शिकंजा: कुख्यात गैंगस्टर लारेंस विश्नोई व गोल्डी बराड़ के नाम से रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार
हरिद्वार। कुख्यात गैंगस्टर लारेंस विश्नोई व गोल्डी बराड़ के नाम से एक करोड़ की रंगदारी मागने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शुगर मिल का रिटायर्ड कर्मचारी है, जिसने शुगर मिल प्रबंधक को रजिस्टर्ड डाक से धमकी भरा पत्र भेजकर एक करोड़ की रंगदारी मांगी थी।
जानकारी के अनुसार, बीती 10 जुलाई को प्रधान प्रबंधक शुगर मिल लक्सर सत्यपाल सिंह द्वारा लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर बताया गया था कि उनके पास रजिस्टर्ड डाक से एक पत्र पहुंचा है, जिसमें गैंगस्टर गोल्डी बराड व लोरेंस विश्नोई के नाम से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गयी है। रंगदारी न देने पर उनको परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गयी है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच में जुटी पुलिस टीम द्वारा रजिस्टर्ड डाक की डिलीवरी के सम्बन्ध में सभी तथ्यों को गहराई से समझते हुए कड़ी से कड़ी जोड़कर जानकारी प्राप्त की। इस दौरान लक्सर व रुडकी क्षेत्र में सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले गये। पुलिस टीमों के आपसी तालमेल और छोटी-छोटी बातों को आपस में कनेक्ट करते हुए आरोपी लोकेश कुमार शर्मा पुत्र महेन्द्र दत्त शर्मा, निवासी मेन बाजार, लक्सर को देर रात थाना क्षेत्र से दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी 2019 में शुगर मिल से रिटायर हो गया था व वर्ष 2019 से वर्ष 2023 तक लगातार एक्सटेंशन पर नौकरी कर रहा था। उसका एक्सटेंशन समाप्त होने पर उसके द्वारा एक वर्ष का एक्सटेंशन और बढ़ाने हेतु नये प्रधान प्रबंधक एस.पी. सिंह को प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन उन्होने उसका एक्सटेंशन अस्वीकार कर दिया। इसी बात को लेकर आरोपी द्वारा प्रधान प्रबंधक को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ व लोरेंस विश्नोई के नाम से डराते हुए एक करोड़ रुपये की धमकी भरा पत्र रजिस्टर्ड डाक से भेजा गया था।

